विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर JLNMCH में भारी बवाल; छात्र रूपेश की मौत पर आक्रोशित छात्रों ने बंद कराई OPD; परेशान हुए सैकड़ों मरीज

Published: Sat, 07 Nov 2026 01:26 PM (GMT+05:30)

Bhagalpur JLNMCH Medical Student Rupesh Soni OPD Strike: रूपेश सोनी की दुखद मौत के बाद जेएलएनएमसीएच के छात्रों ने न्याय ...और पढ़ें

HighLights

  1. छात्र रूपेश सोनी की मौत पर जेएलएनएमसीएच में विरोध प्रदर्शन।

  2. आक्रोशित छात्रों ने अस्पताल की ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद कराईं।

  3. प्राचार्य ने छात्रों को बैठक के लिए बुलाया, हॉस्टल खाली कराने की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur JLNMCH Medical Student Rupesh Soni OPD Strike: जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के मेधावी छात्र रूपेश सोनी की दुखद मौत के बाद उपजा आक्रोश शनिवार को और उग्र हो गया। न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे आक्रोशित मेडिकल छात्रों ने शनिवार को अस्पताल की ओपीडी (बाहरी रोगी विभाग) सेवा को पूरी तरह से बंद करा दिया।

शनिवार सुबह से हमेशा की तरह अस्पताल परिसर में मरीजों के इलाज के लिए पंजीयन (पर्ची) का कार्य चल रहा था और ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। इसी बीच करीब 11:00 बजे बड़ी संख्या में आक्रोशित मेडिकल छात्र वहां पहुंचे।

छात्रों ने हंगामा करते हुए सीधे पंजीयन काउंटरों को बंद करा दिया और ओपीडी की सभी सेवाएं बाधित कर दीं। इस अचानक हुई बंदी के कारण इलाज कराने दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे सैकड़ों गंभीर मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।

डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को किया बाहर

अस्पताल के हेल्थ मैनेजर रोशन कुमार ने स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि उग्र छात्रों ने ओपीडी परिसर में पहुंचकर हंगामा किया और वहां मौजूद चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य कर्मियों को बाहर निकाल दिया।

जांच और पर्चा सेवाएं ठप

इसके बाद ओपीडी के अंदर डॉक्टरों द्वारा मरीजों को देखने, जांच लिखने, नर्सिंग और विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचों की सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गईं। कतारों में खड़े मरीज और उनके परिजन पर्चा काउंटर दोबारा खुलने का इंतजार करते रहे, लेकिन गतिरोध बरकरार रहने के कारण उन्हें बिना इलाज और दवाइयों के ही मायूस होकर लौटना पड़ा।

Bhagalpur JLNMCH OPD Closed Amid Student Protest Over Rupesh Soni Death

"या तो समझौता करें या हॉस्टल खाली करें"

इस बीच, मामले की गंभीरता और अस्पताल में मचे हड़कंप को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि इस गतिरोध को समाप्त करने और आपसी सहमति से विवाद को सुलझाने के लिए सभी आक्रोशित व सीनियर-जूनियर छात्रों को दोपहर 1:00 बजे एक आपातकालीन बैठक के लिए बुलाया गया है।

प्राचार्य ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि छात्र इस बैठक में आपसी सहमति से मामला नहीं सुलझाते हैं और ओपीडी सेवाएं बाधित करना जारी रखते हैं, तो प्रशासन हॉस्टल खाली कराने का सख्त आदेश जारी करने के लिए विवश होगा।

Bhagalpur JLNMCH OPD Closed Amid Student Protest Over Rupesh Soni Death (1)

मुआवजे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं छात्र

दूसरी ओर, आंदोलनकारी मेडिकल छात्र अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनका आरोप है कि रूपेश की मौत साधारण हादसा नहीं है, बल्कि इसमें कतिपय लोगों की घोर लापरवाही और अमानवीयता शामिल है।

छात्र लगातार मृतक रूपेश सोनी के पीड़ित परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा देने और घटना के लिए जिम्मेदार छात्राओं की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिसर में तनाव को देखते हुए पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात हैं, जो छात्रों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मेडिकल छात्र रूपेश की मौत के बाद JLNMCH में तनाव; पीजी छात्रों पर कार्रवाई की मांग, प्राचार्य पहुंचे DM-SSP के पास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।