विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट की लागत बढ़ी, नए MVR से महंगी हुई जमीन

Published: Wed, 15 Jul 2026 11:30 PM (IST)

भागलपुर में अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण की लागत नई न्यूनतम मूल्यांकन दर (एमवीआर) लागू होने के बाद बढ़कर लगभग 529.53 करोड़ रुपये हो गई है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट भूमि अधिग्रहण लागत 529.53 करोड़ हुई।

  2. नई न्यूनतम मूल्यांकन दर (एमवीआर) से लागत बढ़ी।

  3. भागलपुर में 1356 एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण की लागत नई न्यूनतम मूल्यांकन दर (एमवीआर) लागू होने के बाद बढ़ गई है।

जिला भू-अर्जन कार्यालय ने 18 जून 2026 से प्रभावी नई एमवीआर के आधार पर संशोधित दर प्रस्ताव सिविल विमानन विभाग को भेज दिया है। इसके अनुसार प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 529 करोड़ 53 लाख 60 हजार रुपये आंका गया है।

जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से अपर समाहर्ता के माध्यम से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि इससे पहले 10 जुलाई को वर्ष 2014 की एमवीआर दर के आधार पर भूमि मूल्यांकन भेजा गया था।

हालांकि 18 जून 2026 से नई एमवीआर दर लागू होने के कारण संशोधित प्रस्ताव तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराया गया है। संबंधित पत्र को इसी सीमा तक संशोधित मानने का अनुरोध किया गया है।

एयरपोर्ट के लिए कितनी जमीन का होगा अधिग्रहण 

संशोधित प्रस्ताव के अनुसार,  एयरपोर्ट निर्माण के लिए कुल 1356 एकड़ कृषि दो फसला भूमि का अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। इसमें गनगनियां मौजा की 660 एकड़, मंझली की 540 एकड़, कसवा की 78 एकड़, सूजापुर की 75 एकड़ तथा हथिऔक की तीन एकड़ भूमि शामिल है।

नई एमवीआर दर के आधार पर भूमि का मूल्यांकन कर भूमि अधिग्रहण अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार चार गुना मुआवजा जोड़ते हुए कुल लागत का आकलन किया गया है। सबसे अधिक भूमि गनगनियां और मंझली मौजा में अधिग्रहित की जानी है। वहीं हथिऔक में सबसे कम तीन एकड़ भूमि प्रस्तावित है।

रोजगार के अवसर बढ़ेंगे

जिला भू-अर्जन कार्यालय ने संशोधित प्रस्ताव के साथ नई एमवीआर की प्रति भी सिविल विमानन विभाग को भेजी है, ताकि आगे की प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना को भागलपुर प्रमंडल की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल माना जा रहा है। इसके निर्माण से सुलतानगंज, भागलपुर और आसपास के जिलों को हवाई संपर्क की सुविधा मिलेगी।

साथ ही पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है। अब संशोधित लागत प्रस्ताव मिलने के बाद परियोजना की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- बिहार में अब मछली ही नहीं, झींगा और मोती भी पालेंगे किसान, सरकार देगी अनुदान

यह भी पढ़ें- भारतीय ज्ञान परंपरा के पुनर्जागण का शंखनाद, बिहार में विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए 220 एकड़ जमीन ट्रांसफर