विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपाष्टमी : चंपा की धरती पर सदियों से जीवंत गोसेवा की परंपरा, 2.12 लाख देसी गायों से समृद्ध है अंग क्षेत्र

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:15 AM (IST)

Gopashtami 2026 भागलपुर में गोपाष्टमी पर गोसेवा की सदियों पुरानी परंपरा जीवंत है, जहां अंग क्षेत्र 2.12 लाख देसी गायों ...और पढ़ें

Gopashtami 2026 गोपाष्टमी पर भागलपुर की ऐतिहासिक श्री गोशाला में आज भव्य महोत्सव

Gopashtami 2026 गोपाष्टमी पर भागलपुर की ऐतिहासिक श्री गोशाला में आज भव्य महोत्सव

HighLights

  1. अंग क्षेत्र में 2.12 लाख देसी गायें मौजूद हैं।

  2. श्री गोशाला में 700 गोवंशों का संरक्षण किया जा रहा है।

  3. गोपाष्टमी पर गो पूजन और कृष्ण लीला का आयोजन।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Gopashtami 2026 अंग की धरती पर गाय केवल दूध देने वाला पशु नहीं, बल्कि लोकजीवन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रही है। गंगा किनारे बसे प्राचीन चंपा से लेकर आज के गांवों तक गोपालन की समृद्ध परंपरा अलग-अलग रूपों में दिखाई देती है। जिले में देसी गायों की बड़ी आबादी इसका जीवंत प्रमाण है। वर्ष 2018-19 के पशुधन संबंधी आंकड़ों के अनुसार, भागलपुर में करीब 2.12 लाख देसी गायें थीं, जबकि संकर नस्ल की गायों की संख्या करीब 1.80 लाख दर्ज की गई थी।

ऐतिहासिक श्री गोशाला में 700 गोवंशों का संरक्षण

शहर की ऐतिहासिक श्री गोशाला में भी करीब 700 गायों का पालन-पोषण किया जा रहा है, जो शहर में गोसेवा और संस्थागत प्रयासों को दर्शाता है। श्री गोशाला भागलपुर के महामंत्री गिरधारी लाल केजरीवाल के अनुसार, यहां बेसहारा और संरक्षण की जरूरत वाले गोवंशों की देखभाल की जाती है।

Bhagalpur Gopashtami Ancient Cow Protection Gaushala (1)

ह्वेनसांग की कथा में भी चंपा के पशुचारण का जिक्र

अंग क्षेत्र में गोपालन की प्राचीनता का संदर्भ चीनी यात्री ह्वेनसांग से जुड़ी लोककथा में भी मिलता है। पुरातत्वविद अलेक्जेंडर कनिंघम ने अपनी पुस्तक में चंपा के आसपास सैकड़ों गाय चराने वाले एक ग्वाले और उसके बैल की कथा का उल्लेख किया है। बैल का पीछा करते हुए ग्वाला जिस गुफा तक पहुंचा था, कनिंघम ने उसे मायागंज के निकट गंगा किनारे स्थित प्राचीन भूमिगत गुफा से जोड़ने की संभावना जताई थी। यह प्रमाणित ऐतिहासिक घटना के बजाय यात्रा-वृत्तांत में दर्ज लोककथा है, जो प्राचीन चंपा में पशुचारण की झलक देती है।

कार्तिक शुक्ल अष्टमी को श्रीकृष्ण को मिला था गाय चराने का दायित्व

ज्योतिषाचार्य सचिन कुमार दूबे के अनुसार, गोपाष्टमी कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी को मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण को बछड़ों के बजाय गायों को चराने का दायित्व सौंपा गया था। इस पर्व पर गोसेवा और गोपूजन का विशेष महत्व है, जिसके तहत गोशालाओं में गायों को स्नान कराने, सजाने और हरा चारा खिलाने की परंपरा है।

श्री गोशाला में आज सुबह गो पूजन व हवन

गो माता की पूजा, सेवा और संरक्षण के संकल्प के साथ गोपाष्टमी के अवसर पर मंगलवार (17 नवंबर) को श्री गोशाला में भव्य महोत्सव का आयोजन होगा। महामंत्री गिरधारी केजरीवाल ने बताया कि सुबह 7:00 बजे गो पूजन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा और सुबह 9:00 बजे से हवन एवं पूजन किया जाएगा।

शाम को सजेगी कृष्ण लीला

दोपहर में बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, क्विज और नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि शाम 5:00 बजे श्री गोशाला व्यायामशाला के सदस्य विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन के संयोजक रोहित बाजोरिया ने बताया कि शाम 6:30 बजे उद्घाटन सत्र के बाद शाम 7:00 बजे से भव्य कृष्ण लीला एवं नृत्य नाटिका की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

यह भी पढ़ें- विदेशी परिंदों से गुलजार भागलपुर: जिले में मिले राज्य में सबसे अधिक 23268 पक्षी, नवगछिया का घटोरा बना नंबर-1 वेटलैंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।