रसोई का बिगड़ा बजट: दाल-चीनी और तेल से लेकर हल्दी-जीरा तक सब महंगा, आपकी जेब पर कितना बढ़ेगा बोझ
भागलपुर में दाल, तेल और मसालों सहित कई खाद्य पदार्थों की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिससे आम लोगों का रसोई बजट बिगड़ गया है।

सरसो का तेल। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अरहर दाल 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंची।
हल्दी 300, जीरा 350 रुपये प्रति किलो हुआ।
सरसों तेल की कीमत 220-230 रुपये प्रति लीटर।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। आम लोगों की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने लगा है। खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार तेजी आ रही है। चना दाल, अरहर दाल, सरसों तेल, चीनी और मसालों के भाव बढ़ गए हैं।
चना दाल की कीमत 85-90 रुपये से बढ़कर 95-100 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं, अरहर दाल में सबसे अधिक तेजी आई है।
पहले 120-130 रुपये किलो बिकने वाली अरहर दाल अब खुदरा बाजार में 150-160 रुपये किलो बिक रही है। हालांकि, मसूर दाल की कीमत स्थिर है।
भागलपुर खाद्यान्न व्यवसाय संघ के उपाध्यक्ष अभिषेक जैन ने बताया कि अरहर की फसल आने में करीब दो महीने की देरी हुई है। उत्पादन भी लगभग 25 प्रतिशत कम हुआ है।
सरकार के पास स्टाक की कमी है। अक्टूबर से जनवरी तक आस्ट्रेलिया से चना आयात होता था, जिससे बाजार में चना और दाल की कीमतें नियंत्रित रहती थीं।
फिलहाल उपलब्ध स्टाक को देखते हुए सरकार अगले साल मौसम की संभावित खराब स्थिति के मद्देनजर चना दाल के उपयोग और आपूर्ति पर सीमित नीति अपना रही है।
हल्दी, जीरा, धनिया भी महंगा
मसालों की कीमतों में भी तेजी आयी है। हल्दी 200 से बढ़कर 300 रुपये, जीरा 250 से 350 रुपये और धनिया 110 से बढ़कर 210 रुपये प्रति किलो हो गया है।
हड़िया पट्टी स्थित दुकानदार कुमार गौरव के बताया कि चीनी की कीमत 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। हालांकि, यूपी के बलरामपुर मिल से बिहार के लिए कोटा जारी हुआ है। आपूर्ति शुरू होने पर कीमत में करीब 10 रुपये की कमी आने की संभावना है।
गल्ला व्यवसायी रूपेश वैद्य ने बताया कि सरसों तेल की मांग अधिक है, लेकिन कमजोर फसल के कारण स्टाक कम है। दीपावली के समय 3200 रुपये में मिलने वाली तेल की पेटी अब 3500 रुपये की हो गई है।
सरसों की नई फसल फरवरी में आने के बाद कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल बाजार में औसतन तेल 220-230 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी शिवांगी ने ऋषिकेश को पहनाई वरमाला, पवन सिंह ने बांधा समां; आतिशबाजी से जगमगाया आसमान