विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद कैसे हो गया जलकर का गलत पट्टा आवंटन? भागलपुर में मछली पकड़ने के अधिकार पर विवाद

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:34 AM (IST)

नवगछिया के खरनई नदी और तिलयुगा धार के जलकर में मछली पकड़ने के अधिकार को लेकर विवाद गहरा गया है। पटना हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद जिला मत्स्य पदाधिकारी पर गलत तरीके से पट्टा आवंटित करने का आरोप है, जिससे स्थानीय लोगों और कथित मछली माफियाओं के बीच तनाव है।

नवगछिया में जलकर पर मछली पकड़ने के अधिकार को लेकर तनाव। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

नवगछिया में जलकर पर मछली पकड़ने के अधिकार को लेकर तनाव। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. नवगछिया के जलकर में मछली पकड़ने के अधिकार पर विवाद।

  2. पटना हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद गलत पट्टा आवंटन का आरोप।

  3. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की।

संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। नवगछिया नगर थाना क्षेत्र के खरनई नदी एवं तिलयुगा धार के जलकर को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। जलकर में मछली पालन और मछली पकड़ने के अधिकार को लेकर स्थानीय लोगों एवं कथित मछली माफियाओं के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से समय रहते हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जदयू नेता के नेतृत्व में प्रेस वार्ता, मत्स्य पदाधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप

इस पूरे मामले को लेकर जदयू नेता चंद्रईश्वरी सिंह के नेतृत्व में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान सुभाष सिंह के नेतृत्व में राजेंद्र सिंह, विनोद सिंह, रंजन सिंह, सौरभ सिंह, माहिल सिंह, टिंकू सिंह, राहुल सिंह एवं गौतम सिंह ने अपनी शिकायतें मीडिया के समक्ष रखीं।

डीएम से लगाई गुहार

प्रेस वार्ता में बताया गया कि पटना हाईकोर्ट ने सीडब्ल्यूजेसी संख्या 14526/2023 में 20 जनवरी 2025 को पारित आदेश में संबंधित जलकरों में पारंपरिक मछली पालन एवं मछली पकड़ने के अधिकारों के संरक्षण का स्पष्ट निर्देश दिया था। बावजूद इसके, जिला मत्स्य पदाधिकारी, भागलपुर पर हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना कर गलत तरीके से पट्टा आवंटित करने का आरोप लगाया गया है।

लाखों का मछली बीज डालने के बाद जबरन शिकारमाही का प्रयास

जदयू नेता चंद्रईश्वरी सिंह ने कहा कि जमीन मालिक से विधिवत बंदोबस्ती कराकर जलकर में लाखों रुपये का मछली बीज डाला गया है। इसके बावजूद कुछ दबंग किस्म के लोग जबरन मछली पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे इलाके में तनाव व्याप्त है। पीड़ित पक्ष ने भागलपुर डीएम एवं नवगछिया एसडीओ को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- बिहार में दोगुना हुआ मछली उत्पादन, फिर भी नद‍ियों से गायब हो रही सिंघी, मांगुर, टेंगरा, कबई, पोठिया, बुआरी व बामी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।