भागलपुर में सफाई मजदूरों के 1.33 करोड़ ईपीएफ मामले में जांच तेज: साइन ने कबूला 20 लाख बकाया, पर निगम पर ठोका दावा
Bhagalpur Nagar Nigam EPF Scam : भागलपुर में सफाई मजदूरों के ईपीएफओ भुगतान में अनियमितता की जांच तेज हो गई है। जिला स्तरीय समिति दोनों एजेंसियों (सीबीएस और साइन एंड स्टैंडर्ड) के प्रतिनिधियों से पूछताछ कर रही है, जिसमें साइन एजेंसी ने निगम पर 2.40 करोड़ रुपये बकाया होने का दावा किया है।

Bhagalpur Nagar Nigam EPF Scam : 1.33 करोड़ रुपये ईपीएफ घोटाला मामले में जांच तेज
HighLights
सफाई मजदूरों के ईपीएफओ भुगतान में अनियमितता की जांच जारी।
साइन एजेंसी ने निगम पर 2.40 करोड़ बकाया होने का दावा।
जिला स्तरीय समिति ईपीएफओ अधिकारियों संग दस्तावेजों की जांच करेगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Nagar Nigam EPF Scam : सफाई मजदूरों के ईपीएफओ (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) की राशि जमा नहीं करने के गंभीर मामले में भागलपुर नगर निगम प्रशासन ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। रविवार को अवकाश के बावजूद नगर निगम सभागार में जिला कोषागार पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय जांच समिति ने दोनों सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठक की। बैठक में सीबीएस और साइन एंड स्टैंडर्ड एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जांच के दौरान साइन एजेंसी की ओर से प्रतिनिधि आरिफ ने समिति द्वारा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध कराए और मजदूरों के ईपीएफ भुगतान को लेकर अपना लिखित पक्ष रखा। गौरतलब है कि नगर निगम की आंतरिक जांच में सीबीएस पर करीब 61 लाख रुपये और साइन एंड स्टैंडर्ड पर करीब 72 लाख रुपये की ईपीएफ राशि जमा नहीं करने का मामला उजागर हुआ था।
इसके बाद निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों एजेंसियों की संबंधित भुगतान राशि पर फिलहाल रोक लगा दी है। अब जिला स्तरीय समिति पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है, ताकि मजदूरों के बकाये का वास्तविक आकलन कर भुगतान की जवाबदेही तय की जा सके।
सोमवार की बैठक में ईपीएफओ के अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
जिला स्तरीय जांच समिति सोमवार को भी अपनी बैठक जारी रखेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में ईपीएफओ से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल होकर दस्तावेजों की जांच में सहयोग करेंगे। दोनों एजेंसियों के प्रतिनिधियों को भी फिर से अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया गया है।
सीबीएस से नहीं मिला सहयोग
समिति का मुख्य उद्देश्य उपलब्ध दस्तावेजों और दोनों पक्षों के दावों का मिलान कर यह स्पष्ट करना है कि मजदूरों की वास्तविक कितनी राशि बकाया है और किस एजेंसी को कितना भुगतान करना है। हालांकि, समिति की लगातार बैठकों के बावजूद अब तक सीबीएस की तरफ से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया है। जहां साइन एजेंसी ने रविवार को लिखित पक्ष सौंप दिया, वहीं सीबीएस की ओर से अब तक लिखित सहमति नहीं दी गई है।
[सब-हेडिंग: साइन एजेंसी ने नगर निगम पर 2.40 करोड़ रुपये बकाया होने का किया दावा]
बैठक के दौरान साइन एजेंसी के प्रतिनिधि आरिफ ने जांच समिति के समक्ष उल्टे नगर निगम पर विभिन्न मदों में अपनी कंपनी का करीब 2.40 करोड़ रुपये बकाया होने का दावा किया। उनका कहना है कि 19 माह की अवधि में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि के हिसाब से निगम पर प्रतिमाह लगभग 7.50 लाख रुपये बकाया बनता है।
इसके अतिरिक्त, निगम ने करीब 20 लाख रुपये टीडीएस की राशि रोक रखी है, जबकि निविदा के बाद जमा की गई सिक्योरिटी राशि के रूप में भी करीब 42 लाख रुपये बकाया हैं। आरिफ के अनुसार, उनकी एजेंसी के मजदूरों का करीब 20 लाख रुपये ईपीएफ बकाया है। उन्होंने कहा कि यदि समन्वय बनाकर निगम की कटौती और कंपनी के बकाये का हिसाब मिलान कर लिया जाए, तो कंपनी मजदूरों के ईपीएफ का भुगतान करने को पूरी तरह तैयार है।
ईपीएफ भुगतान की प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
साइन एजेंसी के प्रतिनिधि ने ईपीएफ भुगतान की प्रक्रिया को लेकर पूर्व में उत्पन्न असमंजस का मुद्दा भी समिति के सामने उठाया। उनका कहना था कि पूर्व के स्वच्छता पदाधिकारी की ओर से मजदूरों के निजी बैंक खातों में सीधे ईपीएफ की राशि जमा करने की बात कही गई थी, जबकि नियमों के अनुसार यह राशि ईपीएफ खाते में जमा करने का प्रावधान है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ईपीएफ सहित अन्य मदों में जो भी वास्तविक बकाया निकलेगा, कंपनी उसका भुगतान करेगी। फिलहाल जांच समिति दोनों एजेंसियों के दावों और अभिलेखों का सूक्ष्म मिलान कर रही है, ताकि मजदूरों के हित में ठोस निर्णय लिया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।