विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में बालिका ड्रॉपआउट वाले इलाकों की होगी पहचान, हॉटस्पॉट चिह्नित कर घर-घर पहुंचेगा शिक्षा विभाग

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:14 PM (GMT+05:30)

भागलपुर में शिक्षा विभाग बालिकाओं के स्कूल छोड़ने के बढ़ते मामलों को अब बाल विवाह रोकने से जोड़ेगा। हॉटस्पॉट चिह्नित कर घर-घर अभियान चलाकर छात्राओं को दोबारा पढ़ाई से जोड़ा जाएगा और बाल विवाह रोकने के लिए जागरूकता फैलाई जाएगी।

प्रतीकात्मक चित्र

प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. बालिकाओं के स्कूल छोड़ने को बाल विवाह से जोड़ा जाएगा।

  2. हॉटस्पॉट चिह्नित कर घर-घर अभियान चलाकर छात्राओं को जोड़ेंगे।

  3. बाल विवाह रोकने हेतु जागरूकता और सरकारी योजनाओं का लाभ।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बालिकाओं के स्कूल छोड़ने के बढ़ते मामलों को अब बाल विवाह रोकने से जोड़कर देखा जाएगा। जिन क्षेत्रों में बालिकाओं का विद्यालय छोड़ने का प्रतिशत सबसे अधिक है, उन्हें हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया जाएगा।

इन इलाकों में शिक्षा विभाग घर-घर अभियान चलाकर स्कूल से दूर हुई बालिकाओं को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने की पहल करेगा। इसके साथ ही छात्राओं की नियमित उपस्थिति पर नजर रखी जाएगी।

एक सप्ताह तक लगातार अनुपस्थित रहने वाली छात्राओं के घर शिक्षक पहुंचेंगे और अनुपस्थिति का कारण जानेंगे। यदि 18 वर्ष से कम उम्र में विवाह की आशंका सामने आती है तो तत्काल संबंधित टास्क फोर्स और चाइल्डलाइन को सूचना देनी होगी।

इसको लेकर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई), जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को निर्देश जारी किया है।

कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं की उपस्थिति की होगी विशेष निगरानी

निर्देश के अनुसार मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं की उपस्थिति की विशेष निगरानी होगी।

विद्यालयों में मीना मंच, बाल संसद और किशोरी स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रमों के जरिए बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सप्ताह में कम से कम एक दिन चेतना सत्र में इस विषय पर चर्चा होगी, वहीं अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में भी बाल विवाह रोकने का संदेश दिया जाएगा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय और सरकारी योजनाओं का लाभ

विभाग की कार्ययोजना के तहत जमीनी स्तर पर निगरानी और जागरूकता के लिए निम्नलिखित कदम उठाए जाएंगे:

  • समन्वय तंत्र: मुखिया, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर संभावित बाल विवाह की सूचना जुटाई जाएगी।

  • जागरूकता क्लब: विद्यालयों में जागरूकता क्लब गठित कर निबंध, वाद-विवाद और नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे, जिनमें बाल विवाह की कानूनी उम्र और दंड के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।

  • योजनाओं का त्वरित लाभ: बालिकाओं को साइकिल, पोशाक, छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का लाभ समय पर दिलाने पर जोर दिया गया है।

विभाग को हर महीने इस दिशा में की गई कार्रवाई की समेकित रिपोर्ट भी भेजनी होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मुख्यालय से निर्देश प्राप्त हुआ है और इसे जल्द ही धरातल पर उतारने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत जिले में बालिका ड्रॉपआउट के हॉटस्पॉट चिह्नित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु की बड़ी बाधा दूर, चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों में गर्डर फिट, 30 जनवरी तक चालू करने का लक्ष्य

यह भी पढ़ें- बिहार में पहली बार जुटे देशभर के कृषि दिग्गज, सबौर से तय होगी खेती की नई दिशा, 250 से अधिक विशेषज्ञ कर रहे मंथन

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।