भागलपुर : बैंक कॉलोनी मोड़ पर बाइक सवार उचक्कों का दुस्साहस, महिला डॉक्टर के गले पर मारा झपट्टा; हथियार देख सहमे लोग
Bhagalpur Chain Snatching भागलपुर के बैंक कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की जूनियर रेजिडेंट डॉ. ...और पढ़ें
-1795077089142_m.webp)
Bhagalpur Chain Snatching भागलपुर में दिनदहाड़े अपराधियों का दुस्साहस, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर शिवानी चौधरी से बैंक कॉलोनी आदमपुर मोड़ के पास सोने की चेन छीनी
HighLights
भागलपुर में महिला डॉक्टर के गले से सोने की चेन छीनी।
बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर राहगीरों को डराया, फरार हुए।
डॉक्टर ने साहस दिखाया, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Chain Snatching शहर के पॉश इलाके जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैंक कॉलोनी, आदमपुर मोड़ के समीप गुरुवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बाइक सवार बेखौफ उचक्कों ने दिनदहाड़े छिनतई की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की जूनियर रेजिडेंट डॉ. शिवानी चौधरी के गले से सोने की चेन छीन ली।
इस दौरान महिला डॉक्टर ने अदम्य साहस दिखाते हुए बदमाशों से लोहा भी लिया, लेकिन अपराधियों द्वारा पिस्तौल निकाल लेने और हथियार के भय से आसपास के लोगों के आगे नहीं आ पाने के कारण बाइक सवार उचक्के मौके से फरार होने में सफल रहे।
अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में जाने की तैयारी में थीं डॉक्टर
मूल रूप से सजौर थाना क्षेत्र के राधानगर की रहने वाली डॉ. शिवानी चौधरी और उनका परिवार वर्षों से बैंक कॉलोनी, आदमपुर में अपना घर बनाकर रह रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में गुरुवार को आयोजित होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डॉ. शिवानी तैयारी कर रही थीं।
इसी बीच वे एक आवश्यक कार्य से पास के आदमपुर चौक गई थीं। काम पूरा कर जब वे पैदल ही अपने घर लौट रही थीं और घर के पास वाले कॉर्नर पर पहुंचीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो उचक्कों में पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले में मौजूद सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया।
मुट्ठी में कसकर पकड़ ली थी चेन, हथियार देख सहमे रहे राहगीर
झपट्टा मारते ही डॉ. शिवानी ने सतर्कता दिखाते हुए अपनी सोने की चेन को मुट्ठी में कसकर पकड़ लिया। खींचतान में चेन का आधा हिस्सा टूटकर जमीन पर गिर गया। चेन झपटने वाला बदमाश जब जमीन पर गिरे हिस्से को उठाने का प्रयास करने लगा, तो डॉ. शिवानी ने हिम्मत दिखाते हुए उस बदमाश को पकड़ लिया और जोर-जोर से शोर मचाने लगीं।
डॉ. शिवानी के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाश ने पिस्तौल निकाल ली, जिससे वे भयभीत हो गईं। वहीं, महिला डॉक्टर के लगातार शोर मचाने के बावजूद हथियार के खौफ से आसपास मौजूद लोग सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा सके, जिसका फायदा उठाकर दोनों अपराधी बाइक से भाग निकले।
पिता के साथ थाने पहुंचीं पीड़िता, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. शिवानी के पिता इंजीनियर देवेंद्र चौधरी घर से दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और तुरंत बेटी को लेकर जोगसर थाने गए। सूचना मिलते ही जोगसर थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए हैं।
थानाध्यक्ष ने चेन छिनतई की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉ. शिवानी द्वारा इस संबंध में लिखित आवेदन दिया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।