भागलपुर के लोगों के लिए खुशखबरी: सीएनजी गैस परियोजना के डीसीयू केंद्र के लिए जमीन का रास्ता साफ, भेजा गया प्रस्ताव
Bhagalpur CNG Gas Distribution Project भागलपुर में सीएनजी वितरण परियोजना के विस्तार के लिए डिस्ट्रिब्यूशन कंट्रोल यूनिट (डीसीयू) केंद्र हेतु सरकारी जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग ने इसके लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने हेतु राजस्व विभाग को विस्तृत प्रस्ताव भेजा है।

Bhagalpur CNG Gas Distribution Project भागलपुर में गैस वितरण परियोजना को मिलेगी रफ्तार
HighLights
सीएनजी डीसीयू केंद्र हेतु सरकारी जमीन हस्तांतरण प्रक्रिया शुरू।
पशुपालन विभाग ने राजस्व विभाग को विस्तृत प्रस्ताव भेजा।
क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र की 234 वर्गमीटर जमीन चिह्नित।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur CNG Gas Distribution Project जिले में गैस वितरण परियोजना (सीएनजी) के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल हुई है। परियोजना के तहत डिस्ट्रिब्यूशन कंट्रोल यूनिट (डीसीयू) की स्थापना के लिए चिह्नित सरकारी जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग ने इसके लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी करने की दिशा में आवश्यक पहल करते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को जमीन का विस्तृत विवरण और प्रस्ताव भेज दिया है।
क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र की 234 वर्गमीटर जमीन हुई चिह्नित
विभागीय पत्र के अनुसार, भागलपुर जिले में सीएनजी से संबंधित आधारभूत संरचना के विकास के लिए पशुपालन विभाग की जमीन की आवश्यकता जताई गई थी। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा 5 अक्टूबर 2026 को भेजे गए पत्र और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव के 21 अक्टूबर 2026 के पत्र का हवाला दिया गया है।
प्रस्ताव के तहत मौजा वार्ड संख्या एक, खाता संख्या 782 और खेसरा संख्या 320 की कुल 0.74625 एकड़ जमीन में से 13 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी जमीन चिह्नित की गई है। पशुपालन विभाग के क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र से संबंधित इस भूखंड का कुल रकबा 234 वर्गमीटर यानी 5.782 डिसमिल है।
पत्र में स्पष्ट की गई जमीन की चौहद्दी, मजबूत होगा गैस नेटवर्क
पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में चिह्नित जमीन की चौहद्दी का भी स्पष्ट उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, भूखंड के उत्तर, दक्षिण और पूरब में खेसरा संख्या 320 की जमीन स्थित है, जबकि पश्चिम दिशा में सड़क है। सड़क से सटे होने के कारण यह स्थल तकनीकी दृष्टि से भी बेहद उपयुक्त माना जा रहा है। इस प्रशासनिक पहल से जिले में गैस वितरण परियोजना के तहत डीसीयू केंद्र की स्थापना का रास्ता पूरी तरह सुगम होने की उम्मीद है, जिससे शहर और जिले में गैस वितरण से जुड़ी आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।