विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ : 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद सूर्य को अर्घ्य, भागलपुर के गंगा, कोसी व चंपा तटों पर लोक आस्था का अद्भुत संगम

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:46 AM (GMT+05:30)

Bhagalpur Chhath Puja भागलपुर में छठ महापर्व 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ...और पढ़ें

Bhagalpur Chhath Puja भागलपुर में सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ।

Bhagalpur Chhath Puja भागलपुर में सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ।

HighLights

  1. 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद छठ संपन्न।

  2. भागलपुर के गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

  3. घरों में बने जलकुंडों में भी हुई सूर्य उपासना।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा की लहरों पर उतरती सूर्य की लालिमा हो या घरों के आंगन में बने छोटे-छोटे जलकुंड में झिलमिलाते दीप, भागलपुर में लोक आस्था का रंग हर ओर एक जैसा नजर आया। कहीं गंगा तट पर हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में छठ की अनुपम छटा बिखरी, तो कहीं घरों में बने जलकुंड सूर्य उपासना के साक्षी बने।

माथे से नाक की नोक तक दमकता नारंगी सिंदूर, सूप में सजे फल-प्रसाद और पारंपरिक छठ गीतों की गूंज के बीच महापर्व अपने चरम पर पहुंचा। 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान सोमवार की सुबह 36 घंटे की कठिन निर्जला साधना के पारण के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया।

Bhagalpur Chhath Puja Devotion Fills Ganga Ghats Homes (3)

बरारी से बूढ़ानाथ, चंपा तट और सबौर घाटों तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रविवार की शाम शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बरारी पुल घाट, बरारी सीढ़ी घाट, लंच घाट, बूढ़ानाथ घाट, बमकाली घाट, खिरनी घाट, मायागंज के हनुमान घाट और विसर्जन घाट सहित विभिन्न घाटों पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

नाथनगर के चंपा नदी तट पर भी छठ की रौनक देखते बनी, वहीं सबौर के बाबूपुर घाट और डीपीएस घाट पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी श्रद्धालु पहुंचे। गंगा तट पर सजे दउरा-सूप, परिवार के सदस्यों की चहल-पहल और छठी मइया के गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Bhagalpur Chhath Puja Devotion Fills Ganga Ghats Homes (1)

घरों के आंगन और छतों पर बने जलकुंड बने सूर्य उपासना के साक्षी

इस बार छठ की एक खास तस्वीर घरों में बने जलकुंडों के रूप में भी सामने आई। शहर के विभिन्न मोहल्लों में परिवारों ने अपने आंगन और छत पर जलकुंड बनाकर सूर्य उपासना की। कहीं स्थायी कुंड में पानी भरकर पूजा हुई तो कहीं अस्थायी कुंड तैयार किए गए।

केले के पत्ते, गन्ने, दीप और फल-प्रसाद से पूजा स्थल सजाए गए, जहां बुजुर्गों और बच्चों के साथ पूरे परिवार ने मिलकर अर्घ्य दिया। इससे यह संदेश भी सामने आया कि छठ की पवित्रता किसी खास घाट या जलधारा तक सीमित नहीं, बल्कि नेम-निष्ठा और श्रद्धा ही इसकी मूल आत्मा है।

Bhagalpur Chhath Puja Devotion Fills Ganga Ghats Homes (2)

नहाय-खाय से पारण तक दिखा सामाजिक एकजुटता व प्रकृति संरक्षण का संदेश

चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से हुई थी, जिसके बाद 14 नवंबर को खरना के दिन मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर व रोटी का प्रसाद तैयार कर 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ हुआ। रविवार शाम संध्या अर्घ्य के बाद सोमवार की भोर में क्षितिज पर सूर्य की पहली लालिमा उभरते ही व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

पूरे आयोजन में महिलाएं प्रसाद व सूप सजाने में जुटी रहीं तो पुरुष घाटों तक दउरा पहुंचाने व व्यवस्थाओं में सहयोग करते दिखे। पारण के साथ संपन्न हुए इस महापर्व ने भागलपुर में आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का अमिट संदेश छोड़ा।

यह भी पढ़ें- भागलपुर में छठ का नया ट्रेंड: घाटों की भीड़ से बचने को छतों पर बने कुंड, विधायक रोहित पांडेय ने भी घर पर दिया अर्घ्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।