विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर से जुड़ा है छठ का इतिहास; चंपा नदी तट पर कर्ण देते थे सूर्य को अर्घ्य, मुरली पहाड़ी की चट्टानों पर मिले प्रमाण

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:15 AM (IST)

Bhagalpur Chhath Puja History Angaraj Karna Murali Pahadi: भागलपुर में छठ महापर्व का इतिहास अंगराज कर्ण से जुड़ा है, जो ...और पढ़ें

Bhagalpur Chhath Puja History Angaraj Karna Murali Pahadi:

Bhagalpur Chhath Puja History Angaraj Karna Murali Pahadi: 

HighLights

  1. अंगराज कर्ण चंपा नदी तट पर सूर्य को अर्घ्य देते थे।

  2. मुरली पहाड़ी पर सूर्य और नवग्रह की प्राचीन आकृतियाँ मिलीं।

  3. छठ पर्व प्रकृति को धन्यवाद देने का एक अनूठा माध्यम है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Chhath Puja History Angaraj Karna Murali Pahadi: लोक आस्था का महापर्व छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, जल और प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक जीवंत प्रथा है। हमारी अंग की धरती का इस महापर्व से विशेष सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंध रहा है। प्राचीन अंग महाजनपद की राजधानी चंपा नगरी (वर्तमान चंपानगर, भागलपुर) को माना जाता है, जिसका स्पष्ट प्रमाण महाभारत में भी मिलता है। इस महाजनपद के राजा सूर्यपुत्र अंगराज कर्ण थे।

चंपा नदी तट पर सूर्य को अर्घ्य देते थे राजा कर्ण, प्रजा ने अपनाई परंपरा

पौराणिक आख्यानों के अनुसार, अंगराज कर्ण प्रतिदिन गंगा स्नान और सूर्य उपासना के बाद दान दिया करते थे। चूंकि सूर्य देव स्वयं कर्ण के पिता थे, इसलिए वे नियमित रूप से उन्हें अर्घ्य अर्पित करते थे। चंपा नदी के तट पर उनकी सूर्य साधना की लोककथा आज भी क्षेत्र में प्रचलित है।

मान्यताओं के अनुसार, जब राजा कर्ण सूर्य को अर्घ्य देते थे, तो धीरे-धीरे इस प्रथा को उनकी प्रजा ने भी अपनाना शुरू कर दिया। इतिहासकार एवं पत्रकार राजेंद्र प्रसाद सिंह बताते हैं कि इसी वजह से अंगभूमि में सूर्य उपासना की परंपरा को अंगराज कर्ण की साधना से जोड़कर देखा जाता है।

Bhagalpur Chhath Puja Angaraj Karna Ancient Sun Worship (1)

मुरली पहाड़ी की चट्टानों पर उकेरी गई हैं सूर्य और नवग्रह की शिल्पाकृतियां

अंग क्षेत्र के भूगोल और पुरातत्व पर नजर डालें, तो सूर्य उपासना के कई ठोस प्रमाण सामने आते हैं। अजगैवीनाथ धाम (सुलतानगंज) में स्थित मुरली पहाड़ी की चट्टानों पर देवी-देवताओं की कई प्राचीन आकृतियां उकेरी गई हैं, जिनमें भगवान सूर्य से संबंधित शिल्पाकृतियां भी प्रमुख हैं।

इन प्राचीन शिल्पावशेषों में सूर्य और नवग्रह से जुड़ी आकृतियों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इसके अतिरिक्त चंपानगर और आसपास के क्षेत्रों में मिली प्राचीन प्रतिमाएं व धार्मिक अवशेष भी इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की ओर संकेत करते हैं। ये प्रमाण दर्शाते हैं कि अंगभूमि में सूर्य आराधना की परंपरा अत्यंत प्राचीन रही है।

Bhagalpur Chhath Puja Angaraj Karna Ancient Sun Worship (3)

वैदिक काल से चली आ रही सूर्य आराधना, ऋग्वेद से रामायण तक उल्लेख

सूर्य पूजा की प्राचीनता का उल्लेख वैदिक साहित्य में भी विस्तार से मिलता है। ऋग्वेद में सूर्य देव की स्तुति के अनेक मंत्र संकलित हैं। वहीं, छठ पर्व की उत्पत्ति को लेकर महाभारत में अंगराज कर्ण और द्रौपदी की सूर्य उपासना, राजा प्रियव्रत और षष्ठी देवी की कथा तथा त्रेतायुग में भगवान श्रीराम और माता सीता द्वारा की गई सूर्य आराधना जैसी पावन धार्मिक मान्यताएं लोकजीवन में रची-बसी हैं।

Bhagalpur Chhath Puja Angaraj Karna Ancient Sun Worship (2)

बिना पंडित और मिलावट-रहित सामग्री से होती है पूजा, प्रकृति को धन्यवाद देने का पर्व

छठ पर्व की सबसे अनूठी विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते—दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इतिहासकार राजेंद्र प्रसाद सिंह कहते हैं कि यह पर्व प्रकृति को आत्मसात करते हुए उसे धन्यवाद देने का माध्यम है। इस महापर्व में किसी पंडित या पुरोहित की आवश्यकता नहीं होती; हमारे पूर्वजों ने जिस सरल और पवित्र विधि से इस पूजा की शुरुआत की थी, वह आज भी उसी रूप में जीवित है।

इतना ही नहीं, इस पर्व में प्रसाद के रूप में उपयोग होने वाली सभी वस्तुएं हमें सीधे प्रकृति से प्राप्त होती हैं, जिनमें किसी प्रकार की कृत्रिम मिलावट नहीं होती। छठ के पारंपरिक लोकगीतों में भी प्रकृति की महत्ता और छठी मइया के उपकारों का ही गुणगान होता है, जो प्रकृति और मानव के अटूट रिश्ते को दर्शाता है।

यह भी पढ़ें- अंगभूमि में सूर्य उपासना की प्राचीन विरासत: कर्ण की साधना से मुरली पहाड़ी व सखीचंद घाट तक, छठ में जीवंत होती है आस्था

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।