भागलपुर में छठ को लेकर 60 प्रमुख घाट और 20 अस्थायी स्थल तैयार: बरारी घाट पर बिछे कारपेट, चंपा नदी घाट भी तैयार
Bhagalpur Chhath Puja Ghats : भागलपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए 60 प्रमुख घाटों और 20 अस्थायी ...और पढ़ें

Bhagalpur Chhath Puja Ghats : भागलपुर गंगा का बूढ़नाथ छठ घाट।
HighLights
भागलपुर में छठ के लिए 60 प्रमुख घाट तैयार।
बरारी घाट पर दलदल में बैरिकेडिंग, कारपेट बिछाए गए।
चंपा नदी घाट पर 50 हजार श्रद्धालु आने का अनुमान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Chhath Puja Ghats : लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गंगा और चंपा नदी के तटों से लेकर मोहल्लों के तालाबों और मंदिर परिसरों तक घाटों को सजाया गया है। नगर निगम के 51 वार्डों में करीब 60 प्रमुख छठ घाट और 20 छोटे तालाब व अस्थायी अर्घ्य स्थल बनाए गए हैं।
रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए इन घाटों पर हजारों श्रद्धालु उमड़ेंगे। नगर निगम, पूजा समितियों और सामाजिक संगठनों ने मिलकर सफाई, सजावट, रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
बरारी घाट के दलदल में बैरिकेडिंग व कारपेट
गंगा का जलस्तर घटने के कारण बरारी पुल घाट से सीढ़ी घाट तक कई स्थानों पर दलदल की स्थिति बन गई थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए अधिक दलदली हिस्सों में बैरिकेडिंग कराई गई है, जबकि अन्य स्थानों पर जीओ बैग, बालू, पुआल और कसाल डालकर सुरक्षित रास्ते व अर्घ्य स्थल तैयार किए गए हैं।
रिवर फ्रंट पर अर्घ्य देंगे प्रमंडलीय आयुक्त
घाटों पर कारपेट भी बिछाए गए हैं। बरारी रिवर फ्रंट की सीढ़ियों से गाद हटाने के लिए देर रात तक पंपिंग सेट से पानी का छिड़काव कर सफाई की गई। इसी घाट पर प्रमंडलीय आयुक्त भी अर्घ्य देंगे।
महादेव तालाब तैयार, चंपा नदी तट पर जुटेंगे 50 हजार श्रद्धालु
दक्षिणी क्षेत्र का महादेव तालाब पूरी तरह तैयार हो चुका है। वहीं, नाथनगर में चंपा नदी के किनारे 10 घाट बनाए गए हैं, जहां रास्तों की मरम्मत और सफाई पूरी कर ली गई है। शाम को चंपा पुल, बूढ़ानाथ, मुसहरी, आदमपुर, नरगा त्रिमुहान, मानिक सरकार और एसएम कॉलेज घाट पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
नाथनगर सार्वजनिक पूजा समारोह समिति के अनुसार, चंपा नदी घाट पर करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। यहां भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापना के लिए विशाल पंडाल बनाया गया है तथा श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल, दूध, तुलसी पौधा और मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
हर घाट पर चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव, 12 घाटों पर बने चेंजिंग रूम
सभी घाटों पर सफाई के बाद चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया है, जिसके लिए प्रत्येक घाट पर 50-50 किलोग्राम चूना और ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध कराया गया है। मच्छरों से बचाव के लिए फागिंग की जा रही है, वहीं संपर्क मार्गों की सफाई, एलईडी लाइटों की मरम्मत और पेयजल टैंकरों की भी व्यवस्था की गई है।
महिलाओं की सुविधा के लिए चंपा, नरगा, लालूचक, चंपा पुल, बीएन कॉलेज, बमकाली, बूढ़ानाथ, दीपनगर, आदमपुर, मुसहरी, लंच और बरारी सीढ़ी घाट पर अस्थायी वस्त्र बदलने के कक्ष (चेंजिंग रूम) बनाए गए हैं। इसके अलावा नदी या तालाब तक नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 51 वार्डों के करीब 20 सार्वजनिक स्थलों व मंदिर परिसरों में गड्ढे खोदकर अर्घ्य की व्यवस्था की गई है। घाटों पर स्वच्छता का संकल्प दिलाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।