विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस के पटना विस्तार पर चैंबर का विरोध, भागलपुर-बनारस वंदे भारत की मांग

Published: Fri, 28 Aug 2026 02:11 PM (IST)

पूर्वी बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स ने हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस के पटना तक विस्तार का विरोध किया है। चैंबर ने रेल ...और पढ़ें

हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस के पटना विस्तार पर चैंबर का विरोध, भागलपुर-बनारस वंदे भारत की मांग

हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस के पटना विस्तार पर चैंबर का विरोध, भागलपुर-बनारस वंदे भारत की मांग

HighLights

  1. हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस के पटना विस्तार का चैंबर ने किया विरोध।

  2. ट्रेन के परिचालन में विलंब बढ़ने की आशंका जताई गई।

  3. भागलपुर-बनारस के बीच नई वंदे भारत चलाने की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस (13071/13072) के पटना तक विस्तार की घोषणा का इस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने विरोध किया है।

चैंबर ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजकर निर्णय पर पुनर्विचार करने और ट्रेन का परिचालन पूर्ववत हावड़ा-जमालपुर के बीच ही रखने का आग्रह किया है।

चैंबर के अनुसार, हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस लंबे समय से अपनी समयबद्धता, विश्वसनीयता और यात्री सुविधा के लिए जानी जाती है। पटना तक विस्तार होने से ट्रेन के परिचालन में विलंब बढ़ने और समयबद्धता प्रभावित होने की आशंका है।

इससे भागलपुर और जमालपुर के यात्रियों को आरक्षित टिकट मिलने में भी परेशानी हो सकती है। इसका असर व्यापारियों, उद्यमियों और कोलकाता आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ सकता है।

चैंबर ने कहा कि ट्रेन का मार्ग बढ़ाने के बजाय क्षेत्र की बढ़ती यात्री जरूरतों को देखते हुए रेलवे को नई ट्रेनें चलाने पर विचार करना चाहिए।

भागलपुर-बनारस वंदे भारत की मांग

चैंबर ने रेल मंत्रालय से भागलपुर से बनारस (वाराणसी) के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की भी मांग की है। चैंबर के अनुसार दोनों शहर धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इस मार्ग पर तेज ट्रेन सेवा शुरू होने से व्यापारी, कारीगर, विद्यार्थी और तीर्थयात्रियों को लाभ होगा।

चैंबर अध्यक्ष शरद सलारपुरिया ने कहा कि हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस क्षेत्र की भरोसेमंद ट्रेन है। पटना तक विस्तार से इसकी साख और सेवा गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

रेल मंत्रालय को निर्णय पर पुनर्विचार कर ट्रेन का मूल स्वरूप बनाए रखना चाहिए और भागलपुर-बनारस के बीच वंदे भारत शुरू करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- मुंगेर-भागलपुर वासियों का इंतजार खत्म: आज से दौड़ेगी अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस, चेक करें रूट और टाइमिंग

यह भी पढ़ें- सासाराम के रास्ते चलेगी खातिपुरा-हावड़ा स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल