मुंगेर-भागलपुर वासियों का इंतजार खत्म: आज से दौड़ेगी अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस, चेक करें रूट और टाइमिंग
मुंगेर वालों का अहमदाबाद का इंतजार खत्म, जमालपुर से अमृत भारत एक्सप्रेस शुक्रवार से चलेगी। यह ट्रेन मुंगेर, लखीसराय सहित ...और पढ़ें

अमृत भारत एक्सप्रेस से मुंगेर-अहमदाबाद का सफर होगा आसान
HighLights
मुंगेर से अहमदाबाद के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू।
जमालपुर से सीधी कनेक्टिविटी, यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की पहल से सपना साकार हुआ।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। जिले वासियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब समाप्त हो गया है। जमालपुर जंक्शन से अहमदाबाद का सफर शुक्रवार से आसान हो जाएगा। अहमदाबाद-भागलपुर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ बुधवार को अहमदाबाद से कर दिया गया।
शुक्रवार को यह ट्रेन पहली बार भागलपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना होगी। इससे मुंगेर, लखीसराय सहित आसपास के हजारों यात्रियों और कारोबारियों को सीधा लाभ मिलेगा। अहमदाबाद जाने के लिए अब तक यात्रियों को पटना या अन्य बड़े स्टेशनों का रुख करना पड़ता था।
नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सीधे जमालपुर से लंबी दूरी की यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे समय और परेशानी दोनों की बचत होगी।
ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 19424 भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से शाम 4:45 बजे रवाना होगी। सुल्तानगंज में 5:05 बजे और जमालपुर में शाम 5:48 बजे पहुंचेगी।
इसके बाद अभयपुर होते हुए शाम 7:15 बजे किऊल जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद ट्रेन मोकामा, बख्तियारपुर होते हुए रात 9:58 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
पटना के बाद ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टुंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी, आनंद और नागदा होते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी।
इस ट्रेन की डिमांड इतनr है कि 28 की बात ताे दूर चार सितंबर तक प्रतिक्षा सूची 113 पार कर गई है।
36 घंटे 10 मिनट में 1976 किमी दूरी
अहमदाबाद से ट्रेन प्रत्येक बुधवार शाम 6:30 बजे भागलपुर के लिए रवाना होगी और तीसरे दिन शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। अहमदाबाद-भागलपुर के बीच 1976 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन करीब 36 घंटे 10 मिनट में तय करेगी।
ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू होने से व्यापार, रोजगार और यात्रियों की आवाजाही को भी गति मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री की पहल से सपना हुआ साकार
पहले इस ट्रेन को अहमदाबाद से पटना के बीच चलना था। इसके भागलपुर तक के विस्तार पर तकनीकी दिक्कतें आ गई थी। भागलपुर तक विस्तार में मुंगेर सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की पहल महत्वपूर्ण है।
उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से लोकसभा में मुलाकात कर भागलपुर तक ट्रेन विस्तार के लिए आग्रह किया था। इस पहल के बाद रेलवे ने भागलपुर तक चलाने का निर्णय लिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह ट्रेन केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती देगी। अहमदाबाद देश का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है। अमृत भारत एक्सप्रेस के विस्तार से मुंगेर और आसपास के जिलों की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह ट्रेन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव होगा। सीधी रेल सेवा मिलने से व्यवसायियों, छोटे उद्यमियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही आसान होगी।
व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होने से स्थानीय कारोबार को नई गति मिलेगी। व्यापार को नई ऊंचाई मिलेगी और क्षेत्र के विकास को बल मिलेगा।
यह भी पढ़ें- लखीसराय को सौगात: 28 से दौड़ेगी भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस, अभयपुर और किऊल में भी रुकेगी ट्रेन
