भागलपुर भोलेश्वर नाथ मंदिर : बजरंग बली का मुकुट, शिवलिंग के पास का सामान, त्रिशूल, पीतल की थालियां व घंटा ले उड़े चोर
Bhagalpur Temple Theft Bholeshwar Nath Mandir : भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित भोलेश्वर नाथ मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की। चोरों ने मुख्य ताला तोड़कर भगवान के आभूषण, पीतल के बर्तन और 20 किलो का घंटा चुरा लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती पर आक्रोश जताया है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Bhagalpur Temple Theft Bholeshwar Nath Mandir : बबरगंज के गौशाला चौक स्थित भोलेश्वर नाथ मंदिर में चोरी।
HighLights
भोलेश्वर नाथ मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने की चोरी।
भगवान के आभूषण, पीतल के बर्तन और 20 किलो घंटा चोरी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Temple Theft Bholeshwar Nath Mandir : शहर में बेखौफ हो चुके चोरों के निशाने पर अब आम घरों के साथ-साथ भगवान के मंदिर भी आ गए हैं। बबरगंज थाना क्षेत्र के गौशाला चौक स्थित प्रसिद्ध भोलेश्वर नाथ मंदिर में गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोर मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और पूजा-पाठ के कीमती सामान सहित भगवान के आभूषण तक उठा ले गए। शुक्रवार सुबह जब पुजारी और स्थानीय श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख इलाके में सनसनी फैल गई।
रेकी कर घुसे थे चोर, 20 किलो का घंटा भी उठा ले गए
मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, अंदर घुसने के बाद चोरों ने सबसे पहले शिवलिंग के समीप रखा सामान चोरी किया। इसके बाद बजरंग बली का मुकुट भी गायब मिला। चोर मंदिर में रखे पीतल के बर्तन, त्रिशूल और अन्य पूजा सामग्री भी अपने साथ समेट ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने बेहद इत्मीनान और सफाई से वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर में टंगा करीब 20 किलो वजनी पीतल का घंटा भी उखाड़ कर ले जाना इस बात की ओर इशारा करता है कि वारदात में एक से अधिक अपराधी शामिल थे और उन्होंने घटना से पहले मंदिर की अच्छी तरह रेकी की थी।
पुलिस गश्ती पर फूटा लोगों का गुस्सा, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार चोरी और छिनतई की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन रात्रि में पुलिस की गश्ती कहीं नजर नहीं आती। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मंदिर से चोरी गए सभी सामानों की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
सूचना मिलते ही बबरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। बबरगंज पुलिस के अनुसार, इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।