देश के प्रदूषित शहरों की सूची में 17वें स्थान पर पहुंचा भागलपुर शहर, चंपापुल में 342 और अलीगंज में 318 रहा AQI
Bhagalpur Air Pollution AQI Today : भागलपुर में छठ और दिवाली के बाद भी वायु प्रदूषण का स्तर 'बहुत खराब' ...और पढ़ें

Bhagalpur Air Pollution AQI Today : छठ-दिवाली के बाद भी भागलपुर की हवा 'बहुत खराब'
HighLights
भागलपुर का AQI 389 तक पहुंचा, 'बहुत खराब' श्रेणी में।
चंपापुल और अलीगंज शहर के सर्वाधिक प्रदूषित क्षेत्र बने।
निर्माण कार्य और धूल प्रदूषण के मुख्य कारण हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Air Pollution AQI Today : छठ और दिवाली जैसे महापर्व बीत जाने के बाद भी भागलपुर की हवा से प्रदूषण का जहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सुबह की सैर हो या शाम को बाजार से घर लौटना, हर सांस के साथ शहरवासी धूल और प्रदूषित हवा के गुबार से गुजरने को मजबूर हैं।
शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार चिंताजनक स्तर पर बना हुआ है। सोमवार की शाम 7:31 बजे AQI बढ़कर 389 तक पहुंच गया, जबकि मंगलवार की सुबह 9:00 बजे भी यह 304 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी को दर्शाता है। देशभर के शहरों की AQI रैंकिंग में भागलपुर 17वें स्थान पर रहा।
चंपापुल और अलीगंज सबसे ज्यादा प्रदूषित
शहर के विभिन्न इलाकों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया है। सबसे खराब स्थिति चंपापुल की रही, जहां AQI 342 दर्ज किया गया। इसके अलावा अलीगंज चौक पर 318 और जीरोमाइल चौक पर 303 AQI रहा। वहीं, भागलपुर स्टेशन चौक पर 278 और तिलकामांझी चौक पर 274 AQI रिकॉर्ड किया गया। आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार शाम 5:31 बजे AQI 232 था, जो महज दो घंटे में उछलकर 389 पर पहुंच गया और देर रात तक 300 के पार बना रहा। हालांकि मंगलवार दोपहर बाद धूप खिलने और हवा चलने से इसमें कुछ गिरावट आई और शाम 4:00 बजे यह 193 पर पहुंचा।
भागलपुर वायु प्रदूषण (AQI) रिपोर्ट: एक नजर में
1. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का AQI स्तर
| स्थान / चौक | दर्ज AQI स्तर | हवा की गुणवत्ता श्रेणी |
| चंपापुल | 342 | बहुत खराब (Very Poor) |
| अलीगंज चौक | 318 | बहुत खराब (Very Poor) |
| जीरोमाइल चौक | 303 | बहुत खराब (Very Poor) |
| भागलपुर स्टेशन चौक | 278 | खराब (Poor) |
| तिलकामांझी चौक | 274 | खराब (Poor) |
2. सोमवार और मंगलवार को घंटेवार AQI का उतार-चढ़ाव
| सोमवार का समय | AQI स्तर | मंगलवार का समय | AQI स्तर |
| शाम 5:31 बजे | 232 | सुबह 6:31 बजे | 282 |
| शाम 6:31 बजे | 345 | सुबह 7:00 बजे | 284 |
| शाम 7:31 बजे (अधिकतम) | 389 | सुबह 9:00 बजे | 304 |
| शाम 8:31 बजे | 378 | सुबह 10:31 बजे | 268 |
| रात 9:31 बजे | 346 | दोपहर 12:00 बजे | 240 |
| रात 10:31 बजे | 340 | दोपहर 1:31 बजे | 228 |
| रात 12:31 बजे | 310 | शाम 4:00 व 5:00 बजे | 193 |
3. एक्यूआई (AQI) मानक श्रेणियां
0–50: अच्छी (Good)
51–100: संतोषजनक (Satisfactory)
101–200: मध्यम (Moderate)
201–300: खराब (Poor)
301–400: बहुत खराब (Very Poor)
401–500: गंभीर (Severe)
निर्माण कार्यों की धूल और बिना ढके बालू ढुलाई बनी बड़ी वजह
शहर में बढ़ते प्रदूषण के पीछे केवल मौसम ही नहीं, बल्कि विकास कार्यों के दौरान पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी भी बड़ी वजह है। भोलानाथ और बौंसी रेलवे अंडरपास पर फ्लाईओवर निर्माण, विक्रमशिला सेतु के समानांतर पुल और फोरलेन सड़क का कार्य जारी है।
इन निर्माण स्थलों सहित कई निजी अपार्टमेंट और भवनों का निर्माण बिना ग्रीन नेट लगाए किया जा रहा है। सड़कों के किनारे जमा धूल की मोटी परत वाहनों के गुजरते ही हवा में उड़ने लगती है। ट्रैक्टरों से बालू-छर्री और वाहनों से कचरे की ढुलाई भी बिना ढके हो रही है। नगर निगम की ओर से सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है और शहर में अब तक स्मॉग गन वाहन की व्यवस्था भी नहीं की जा सकी है।
मौसम की मार और चिकित्सकों की सलाह
तापमान में गिरावट, हवा की मंद गति और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण धूल व धुएं के सूक्ष्म कण ऊपर उठने के बजाय जमीन के करीब जमा हो रहे हैं। इसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। चिकित्सक डॉ. सचिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रदूषित हवा से खांसी, गले में खराश, सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने लोगों को सुबह-शाम खुले में व्यायाम से बचने, बाहर निकलते समय N-95 मास्क पहनने तथा बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा मरीजों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
नगर निगम ने दी कार्रवाई की चेतावनी
मामले में नगर निगम के पीआरओ विनय प्रसाद यादव ने कहा कि भवन निर्माण की अनुमति देते समय ग्रीन नेट लगाने की शर्त अनिवार्य की गई है। इसका अनुपालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शहर में कचरा जलाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध है और उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला जाता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए समय-समय पर टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया जाता है और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।