विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ फेस्टिवल इज ग्रेट: ब‍िहार पहुंचे बेल्जियम के 29 पर्यटक, गंगा तट पर छठ की आस्था व कलाकृतियां देख हुए मंत्रमुग्ध

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:59 AM (IST)

Bhagalpur Ajgaibinath Temple Foreign Tourists: बेल्जियम के 29 पर्यटकों का एक दल गंगा जलमार्ग से सुल्तानगंज के अजगैवीनाथ धाम पहुंचा। ...और पढ़ें

Bhagalpur Ajgaibinath Temple Foreign Tourists: अजगैवीनाथ पहुंचे बेल्जियम के 29 विदेशी सैलानी!

Bhagalpur Ajgaibinath Temple Foreign Tourists: अजगैवीनाथ पहुंचे बेल्जियम के 29 विदेशी सैलानी!

HighLights

  1. बेल्जियम के 29 पर्यटक अजगैवीनाथ धाम पहुंचे।

  2. प्राचीन मूर्तियों और छठ महापर्व से हुए प्रभावित।

  3. स्थानीय लोगों के साथ लीं ढेर सारी सेल्फी।

संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। Bhagalpur Ajgaibinath Temple Foreign Tourists: गंगा राष्ट्रीय जलमार्ग के जरिए धर्मनगरी बनारस से कोलकाता की यात्रा पर निकले बेल्जियम के 29 विदेशी पर्यटकों का एक उच्चस्तरीय दल बुधवार को विख्यात 'कथा पांडव' क्रूज से सुल्तानगंज स्थित पवित्र अजगैवीनाथ धाम पहुंचा। मुख्य क्रूज को जलमार्ग में रोककर उसके साथ चल रही छोटी स्टीमर के माध्यम से सभी विदेशी सैलानियों को सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर उतारा गया।

यहां पहुंचते ही विदेशी पर्यटकों ने घाट के मनोरम सौंदर्य और उत्तरवाहिनी गंगा के विहंगम दृश्य को अपने कैमरों में कैद किया।इसके उपरांत पर्यटकों का दल नगर का पैदल भ्रमण करते हुए पवित्र गंगा तट पर स्थित ऐतिहासिक अजगैवीनाथ मंदिर परिसर पहुंचा। मंदिर के गर्भगृह में सभी सैलानियों ने मनोकामना ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन किए।

गुप्त व पालकालीन प्रस्तर शिल्प देखकर रह गए दंग

अजगैवी पहाड़ी पर मंदिर के चारों ओर प्राकृतिक चट्टानों पर उकेरी गई गुप्तकालीन और पालकालीन दुर्लभ प्रस्तर मूर्तियों व स्थापत्य कला को देखकर विदेशी सैलानी पूरी तरह मंत्रमुग्ध हो गए। पहाड़ी पर अवस्थित मंदिर का विहंगम विन्यास, परिक्रमा पथ की नक्काशीदार कलाकृतियां और तलहटी में बहती उत्तरवाहिनी गंगा की निर्मल जलधारा ने उनका मन मोह लिया।

दल के साथ चल रहे अधिकृत गाइड दीपक कुमार मिश्रा ने पर्यटकों को अजगैवीनाथ मंदिर के पौराणिक, पुरातात्विक व ऐतिहासिक महत्व तथा उत्तरवाहिनी गंगा की विशिष्ट भौगोलिक व धार्मिक महत्ता से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। पर्यटकों ने पहाड़ी पर उकेरी गई देवी-देवताओं की प्राचीन आकृतियों की तस्वीरें लीं और कहा कि वास्तव में अजगैवीनाथ मंदिर दुनिया के अनूठे धरोहरों में से एक है। यहां की मूर्तिकला अद्भुत है और स्थानीय लोगों का स्वागत व आत्मीयता बेहद दिल छू लेने वाली है।

छठ की आस्था और जनसैलाब देख चौंके सैलानी, जमकर ली सेल्फी

सुल्तानगंज आगमन के दौरान लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए घाटों पर उमड़े लाखों श्रद्धालुओं के जनसैलाब और भक्तिमय उल्लास को देखकर विदेशी मेहमान आश्चर्यचकित रह गए।

चारों ओर गूंजते छठी मइया के गीत, सिर पर दउरा उठाए श्रद्धालु और पवित्र डुबकी लगाते जनसमूह की अटूट श्रद्धा ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। विदेशी पर्यटकों ने गंगा स्नान कर रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के साथ मुस्कुराते हुए जमकर सेल्फी ली। गाइड से छठ व्रत की कठोरता, नियम और धार्मिक मान्यताओं की जानकारी लेने के बाद विदेशी सैलानियों के मुंह से बरबस निकल पड़ा— "छठ फेस्टिवल इज ग्रेट" (Chhath Festival is Great)।

अजगैवीनाथ धाम का समग्र अवलोकन करने के पश्चात सभी 29 पर्यटक पुनः स्टीमर से मुख्य क्रूज पर सवार हुए और जलमार्ग से अपने अगले गंतव्य कहलगांव के लिए रवाना हो गए।

यह भी पढ़ें- दादी के सुरों को पोती ने दिया डिजिटल मंच; भागलपुर की 'अंग कोकिला' अर्पिता संजो रहीं अंगिका के पारंपरिक छठ गीत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।