हमें नाम नहीं, काम चाहिए... भागलपुर में अस्पताल और STPI की बदहाली पर भड़के बिहार के बड़े BJP नेता, दे दी यह धमकी
Ashwini Kumar Choubey : पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भागलपुर में बिहार के औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की बदहाली और बंद पड़े एसटीपीआई पर नाराजगी जताते हुए समाधान न होने पर अनशन व सत्याग्रह की चेतावनी दी।

Ashwini Kumar Choubey : भागलपुर में प्रेस कॉफ्रेंस करते पूर्व केंद्रीय मंत्री भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे।
HighLights
मजदूर पलायन रोकने को उद्योगों का जाल बिछाने पर जोर।
भागलपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की अधूरी व्यवस्था पर जताई नाराजगी।
बंद पड़े बरारी एसटीपीआई को लेकर भी सवाल उठाए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Ashwini Kumar Choubey : बिहार से मजदूरों का पलायन रोकना है तो यहां उद्योगों का जाल बिछाना होगा। बड़े उद्योगों के साथ छोटे उद्योग और एमएसएमई को बढ़ावा देना होगा। केवल घोषणाओं से बिहार का विकास नहीं होगा, इसके लिए जमीन पर काम करना पड़ेगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भागलपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उद्योग, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने भागलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की अधूरी व्यवस्था, बरारी स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआइ) में ताला बंद रहने और नगर निगम के एक लंबित आदेश को लेकर गहरी नाराजगी जताई और समाधान न होने पर अनशन व सत्याग्रह की चेतावनी दी।
सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने पर दिया जोर
अश्विनी चौबे ने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम को सही तरीके से लागू किया जाए तो उद्योग लगाने की प्रक्रिया आसान होगी और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में पटना में ओडिशा के भुवनेश्वर से आए एक उद्यमी ने फैक्ट्री लगाकर सैकड़ों लोगों को रोजगार दिया है, जबकि 20 साल पहले बिहार में बाहर के उद्यमियों द्वारा फैक्ट्री लगाने की कल्पना करना भी मुश्किल था।
बिहार के विकास को बताया जरूरी
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा बिहार को आगे बढ़ाने का काम किया है। इस दौरान उन्होंने कोविड काल में अपने परिवार के साथ मिलकर 34 हजार लोगों का रजिस्ट्रेशन कर उन्हें शरण देने की व्यवस्था करने का भी उल्लेख किया।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को बताया ड्रीम प्रोजेक्ट
अश्विनी चौबे ने भागलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की मौजूदा स्थिति पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि यहां एम्स स्थापित कराने की उनकी पहल थी, लेकिन जमीन उपलब्ध नहीं होने पर प्रधानमंत्री के सहयोग से भागलपुर, पटना और गया में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की योजना साकार हुई। यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है, लेकिन आज भी यहां मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल रही है।
बोले- मेरे परिवार तक को नहीं मिला इलाज
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक सप्ताह पहले उनके परिवार के एक सदस्य और कहलगांव के एक गरीब परिवार के मरीज को अस्पताल में समुचित इलाज नहीं मिल सका। अधीक्षक को फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। मशीनें उपलब्ध रहने के बावजूद इको और सीटी स्कैन जैसी जांच नहीं हो पा रही हैं और इंडोर व्यवस्था भी पूरी तरह शुरू नहीं हुई है। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक और चिकित्सकों को चेतावनी देते हुए सभी विभाग अविलंब शुरू करने, फैकल्टी चिकित्सकों की नियुक्ति करने और मशीनों को तत्काल चालू कराने की मांग की।
बरारी एसटीपीआइ में ताला बंद
बरारी स्थित एसटीपीआइ की स्थिति पर सवाल उठाते हुए चौबे ने कहा कि भागलपुर में सॉफ्टवेयर क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने और बड़ी कंपनियों को यहां लाने के उद्देश्य से यह परियोजना लाई गई थी। इसके लिए लगातार पत्राचार व संपर्क के बावजूद परियोजना का उद्देश्य पूरा न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
'शिलापट्ट पर नाम नहीं, दिलों में जगह चाहिए'

वहीं, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के वार्ड उद्घाटन में नहीं बुलाए जाने और शिलापट्ट पर नाम नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका नाम लोगों के हृदय में है। जेपी नड्डा ने अस्पताल का उद्घाटन किया था और उन्होंने शिलान्यास किया था। विधायक बने हैं तो फीता काटने का अधिकार उनका है, लेकिन विवेक के साथ काम होना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा, "हमें नाम की जरूरत नहीं है, हमें काम की जरूरत है। हमें जाम नहीं चाहिए, हमें काम चाहिए।"
निशांत कुमार के वीडियो पर दी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार से जुड़े वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए चौबे ने कहा कि इसे जानबूझकर किया गया अपमान नहीं मानना चाहिए, भीड़ में कभी-कभी ऐसी चूक हो जाती है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र में धक्का खाना पड़ा था। उन्होंने सुझाव दिया कि वीवीआइपी सुरक्षा में नए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती से बचना चाहिए और मुख्यमंत्री को इस मामले का संज्ञान लेकर भविष्य में सावधानी बरतनी चाहिए।
जनहित में अनशन की चेतावनी
नगर निगम के एक वर्ष से लंबित आदेश पर डीएम को पुनः स्मरण कराते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि एसटीपीआइ, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और नगर निगम से जुड़े तीनों मुद्दों का समाधान जल्द नहीं दिखा, तो जेपी के सिपाही होने के नाते वे जनता को साथ लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन, अनशन और सत्याग्रह करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।