गंगा की लहरों पर रफ्तार की जंग, अंठावन दियारा का दबदबा, भागलपुर की नौका दौड़ में तीनों खिताब इसी के नाम
शारदीय नवरात्रि की पंचमी पर रानीदियारा गंगा घाट पर पारंपरिक नौका दौड़ हुई। अंठावन दियारा की टीमों ने सभी शीर्ष तीन पुरस्कार जीतकर प्रतियोगिता में दबदबा बनाया।

पीरपैंती के रानीदियारा गंगा घाट पर आयोजित नौका दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेते नाविक।
HighLights
रानीदियारा गंगा घाट पर पारंपरिक नौका दौड़ प्रतियोगिता आयोजित।
अंठावन दियारा की टीमों ने शीर्ष तीनों स्थान जीते।
यह आयोजन स्थानीय लोक-संस्कृति और गंगा आस्था का प्रतीक।
संवाद सूत्र, पीरपैंती (भागलपुर)। प्रखंड के अति सुदूरवर्ती रानीदियारा गंगा घाट पर शारदीय नवरात्रि की पंचमी तिथि के पावन अवसर पर पारंपरिक नौका दौड़ प्रतियोगिता का भव्य एवं रोमांचक आयोजन किया गया।
गंगा नदी की कलकल बहती लहरों पर आयोजित इस प्रतियोगिता में स्थानीय नाविकों का अद्भुत तालमेल और उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में अंठावन दियारा के नाविकों की टीमों का सिर चढ़कर दबदबा रहा और तीनों शीर्ष पायदानों पर अंठावन दियारा ने ही कब्जा जमाया।
गंगा के तटीय इलाकों में पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि यह स्थानीय लोक-संस्कृति, दियारा की सामाजिक परंपरा, युवाओं के सामूहिक उत्साह और मां गंगा के प्रति अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक मानी जाती है।
10 टीमों के बीच हुआ कड़ा मुकाबला, ये रहे विजेता
प्रथम स्थान: अंठावन दियारा के प्रकाश महतो की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
द्वितीय स्थान: अंठावन दियारा के ही छंगुरी मंडल की टीम दूसरे स्थान पर रही।
तृतीय स्थान: अंठावन दियारा के कैलाश चौधरी की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथियों ने बांटे आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान तथा जिला परिषद सदस्य जनार्दन आजाद समेत अन्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रकाश महतो की टीम को एक आकर्षक एलसीडी टीवी एवं 1,000 नगद, द्वितीय स्थान पर रहे छंगुरी मंडल की टीम को एक साइकिल एवं 1,000 नगद तथा तृतीय स्थान प्राप्त कैलाश चौधरी की टीम को एक टेबल पंखा एवं 1,000 नगद पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया।
सफल आयोजन में इनका रहा सराहनीय योगदान
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन शिक्षक सुनील सौरभ और वीरेंद्र मंडल ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के दौरान अतिथि के रूप में मनोहर मंडल, महादेव मंडल, सुभाष यादव, उदय मंडल, भरत भूषण यादव, अरविंद मंडल, अशोक राम, निरंजन, रणधीर यादव आदि उपस्थित थे।
वहीं, प्रतियोगिता को सुचारू एवं सफल बनाने में मणिकांत मंडल, राकेश यादव, रंजीत मंडल, सुमित कुमार और बिलास मंडल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें- भागलपुर पहुंची पूर्वोत्तर के 8 राज्यों की बाइक रैली, राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश, SP ने किया स्वागत
यह भी पढ़ें- पांच साल से सूनी गोद में गूंजी खुशियां, भागलपुर में 11 माह के मासूम को पाकर भावुक हुआ कोलकाता का दंपती
