विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एएनजीए 2026 : ब‍िहार कृषि विव‍ि में आएंगे 30 VC और कृषि वैज्ञानिक, खेती में AI और स्मार्ट फार्मिंग का बनेगा रोडमैप

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:59 AM (IST)

BAU Sabour Bhagalpur IAUA Golden Jubilee VC Conference : बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 28-29 नवंबर को 'एएनजीए-2026' सम्मेलन आयोजित हो रहा है, जिसमें 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति और विशेषज्ञ जुटेंगे। यह आयोजन खेती में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट फार्मिंग और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से आत्मनिर्भर कृषि का रोडमैप तैयार करेगा, जिसका समापन 'सबौर घोषणा-पत्र' से होगा।

BAU Sabour Bhagalpur IAUA Golden Jubilee VC Conference : डॉ. डीआर सिंह, कुलपति, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर)

BAU Sabour Bhagalpur IAUA Golden Jubilee VC Conference : डॉ. डीआर सिंह, कुलपति, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर)

HighLights

  1. 28-29 नवंबर को बीएयू सबौर में 'एएनजीए-2026' सम्मेलन।

  2. 30 से अधिक कुलपतियों और विशेषज्ञों की भागीदारी।

  3. खेती में AI, स्मार्ट फार्मिंग का रोडमैप बनेगा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। BAU Sabour Bhagalpur IAUA Golden Jubilee VC Conference : कृषि का भविष्य अब केवल परंपरागत खेतों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रयोगशालाओं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीकों के समन्वय से तय होगा। इसी बदलाव की दिशा निर्धारित करने के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में देशभर के शीर्ष कृषि शिक्षाविद्, वैज्ञानिक, नीति-निर्माता और विशेषज्ञ जुट रहे हैं।

28 और 29 नवंबर को यहां भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (आइएयूए) का स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन एवं 'एडवांसमेंट्स फॉर नेक्स्ट जेनरेशन एग्रीकल्चर (एएनजीए)-2026' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। बिहार में पहली बार हो रहे इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों समेत 250 से अधिक विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप आत्मनिर्भर, तकनीक आधारित और जलवायु अनुकूल कृषि का रोडमैप तैयार करने पर गहन मंथन होगा।

खेती में एआई से लेकर स्मार्ट फार्मिंग तक छह तकनीकी सत्रों में होगी चर्चा

दो दिवसीय इस सम्मेलन में कृषि के भविष्य से जुड़े छह प्रमुख विषयों पर विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्मार्ट कृषि एवं फसल विज्ञान, उद्यानिकी एवं वानिकी में आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल कृषि, पशु एवं मत्स्य विज्ञान तथा वन हेल्थ, भविष्योपयोगी कृषि शिक्षा एवं उद्यमिता और कृषि विश्वविद्यालयों में नेतृत्व एवं सुशासन शामिल हैं।

लगेगी स्टार्टअप प्रदर्शनी

इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, स्मार्ट फार्मिंग, कृषि स्वचालन, कृषि स्टार्टअप, मूल्य संवर्धन और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि के उपायों पर भी परिचर्चा होगी। इस दौरान कृषि क्षेत्र में नए प्रयोग करने वाले स्टार्टअप अपने नवाचारों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाएंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कृषि शिक्षा को बहुविषयक, कौशल आधारित और रोजगारपरक बनाने पर भी विचार होगा, ताकि कृषि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने तक सीमित न रहें, बल्कि किसानों की समस्याओं का समाधान, तकनीकी नवाचार और कृषि उद्यमिता के सशक्त केंद्र बनें।

दो दिनों में मंत्रियों की मौजूदगी

सम्मेलन के पहले दिन 28 नवंबर को भारत सरकार के वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद तथा आइसीएआर के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक की उपस्थिति प्रस्तावित है। इस दिन विश्वविद्यालय की ओर से 'सुगंधा : आवश्यक तेल संग्रह', सम्मेलन स्मारिका, कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का संकलन, कृषि समस्या समाधान कोश, फार्मर्स ई-डायरेक्टरी, फार्म कनेक्ट और अनुसंधान एवं नवाचार पर आधारित पुस्तक का विमोचन होगा।

लॉन्च होंगे कई डिजिटल प्लेटफॉर्म और जारी होगा 'सबौर घोषणा-पत्र'

वहीं, दूसरे दिन 29 नवंबर को बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भागलपुर के सांसद अजय मंडल और एनडीडीबी के सलाहकार डॉ. ओम वीर सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता प्रस्तावित है। इस दिन असिस्ट प्रोग्राम, ऐतिहासिक सबौर घोषणा-पत्र, एएनजीए-2026 बुक ऑफ एब्स्ट्रैक्ट्स और पॉलिसी बुक का शुभारंभ एवं विमोचन किया जाएगा। सम्मेलन के सभी निष्कर्षों को सबौर घोषणा-पत्र के रूप में सामने लाया जाएगा, जिसमें देश के कृषि विश्वविद्यालयों की भावी प्राथमिकताओं और साझा प्रतिबद्धताओं को दिशा देने वाली कार्ययोजना समाहित होगी।

यह भी पढ़ें- भारतीय ज्ञान परंपरा पर TMBU में महामंथन; डॉ. सपना ने गीता को बताया विश्व का पहला व सर्वश्रेष्ठ साइकोथेरेपी सत्र

"यह राष्ट्रीय आयोजन बिहार ही नहीं, विशेषकर भागलपुर के लिए गौरव का विषय है। एएनजीए-2026 कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और किसान कल्याण के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इससे टिकाऊ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारतीय कृषि के निर्माण को नई दिशा मिलेगी।"

-

— डॉ. डीआर सिंह, कुलपति, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।