अचानक क्यों चर्चा में आया बाहुबली विधायक अनंत सिंह का भागलपुर कनेक्शन? जानिए 2019 की उस रात का पूरा रहस्य
Anant Singh Bhagalpur Jail Connection Daughter Shivangi Singh Wedding : मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी की भव्य शादी चर्चा में है, लेकिन उनका भागलपुर जेल से पुराना नाता रहा है। 2019 में उन्हें सुरक्षा कारणों से बेऊर से भागलपुर जेल स्थानांतरित किया गया था।

Anant Singh Bhagalpur Jail Connection Daughter Shivangi Singh Wedding : शिवांगी की शाही शादी को लेकर चर्चा में मोकामा विधायक अनंत सिंह का रहा है भागलपुर जेल से गहरा नाता
HighLights
अनंत सिंह 2019 में बेऊर से भागलपुर जेल स्थानांतरित हुए थे।
जेल में उन्होंने नियमों का पालन किया, सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा।
बेटी की शादी के बाद 4 दिसंबर तक करेंगे सरेंडर।
कौशल किशोर मिश्र, भागलपुर। Anant Singh Bhagalpur Jail Connection Daughter Shivangi Singh Wedding : मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का नाम इन दिनों अपनी छोटी बेटी की भव्य शादी को लेकर पूरे बिहार में सुर्खियों में है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनका भागलपुर से भी एक पुराना और खास नाता रहा है। एक समय सुरक्षा कारणों से अनंत सिंह को भागलपुर की विशेष केंद्रीय कारा में रखा गया था, जहां के दिनों में जेल प्रशासन और बंदियों के साथ उनका व्यवहार काफी चर्चा में रहा था।
अक्टूबर 2019 में बेऊर से भागलपुर जेल किए गए थे शिफ्ट
अक्टूबर 2019 में अनंत सिंह को पटना के बेऊर जेल से प्रशासनिक आदेश पर भागलपुर की विशेष केंद्रीय कारा में शिफ्ट किया गया था। पटना जिला प्रशासन के अनुरोध पर तत्कालीन जेल आईजी मिथिलेश मिश्र ने उन्हें बेऊर से भागलपुर भेजने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 22 अक्टूबर 2019 को कड़ी सुरक्षा घेरे में पुलिस टीम उन्हें लेकर भागलपुर पहुंची थी।
बेऊर जेल से निकलते समय सुबह से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और रास्ते में जिस-जिस जिले से काफिला गुजरा, वहां की पुलिस ने सुरक्षा घेरा प्रदान किया। भागलपुर जेल में शिफ्ट होने के बाद उनकी अदालती पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराने की व्यवस्था की गई थी, ताकि बार-बार बाहर लाने-ले जाने में सुरक्षा का जोखिम न रहे।
गुटबाजी की आशंका और सुरक्षा कारणों से लिया गया था फैसला
उस समय अनंत सिंह पंडारक में भोला सिंह और उनके भाई मुकेश सिंह की हत्या के प्रयास तथा एके-47 व हैंड ग्रेनेड बरामदगी मामले में बेऊर जेल में बंद थे। पुलिस और प्रशासन का मानना था कि बेऊर जेल में अनंत सिंह के कई समर्थक और साथी भी बंद हैं, जिससे जेल के भीतर गुटबाजी और सुरक्षा को लेकर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसी संवेदनशील स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर भेजने का निर्णय लिया गया था।
बाद में अगस्त 2019 के हथियार बरामदगी मामले में जून 2022 में उन्हें 10 साल की सजा सुनाई गई, जिसके कारण उनकी विधायकी भी चली गई थी। हालांकि, अगस्त 2024 में पटना उच्च न्यायालय ने निचली अदालत की उस सजा को रद करते हुए उन्हें बरी कर दिया था।
जेल प्रशासन से नहीं किया टकराव, बने थे व्यवहारकुशल कैदी
जेल प्रशासन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, भागलपुर प्रवास के दौरान अनंत सिंह ने जेल अधिकारियों से कभी कोई टकराव नहीं किया। वे पूरी तरह जेल के नियमों के अनुसार रहते थे और कर्मियों से बेहद शालीनता से बात करते थे। बताया जाता है कि सह-बंदियों के साथ भी उनका व्यवहार अत्यंत सौहार्दपूर्ण था।
वे छोटे-बड़े सभी बंदियों का हालचाल पूछते, उनकी परेशानी सुनते और जेल परिसर में अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करते थे। जेल के भीतर उनकी छवि एक दबंग नेता के बजाय एक समझदार और व्यवहारकुशल कैदी की बन गई थी। यही कारण है कि आज भी भागलपुर जेल के पुराने कर्मचारी और बंदी उनका नाम सम्मान के साथ लेते हैं।
बेटी की शाही शादी के बाद 4 दिसंबर तक करेंगे सरेंडर
अब अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर फिर से चर्चा के केंद्र में हैं। शिवांगी की शादी 25 नवंबर 2026 को उनके पैतृक गांव लदमा (नदवां) में ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ हो रही है। बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं, जबकि स्वयं ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है।
बीते 20 नवंबर को दानापुर के ऑर्गेनो रिसॉर्ट में भव्य तिलक समारोह आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के पथ निर्माण मंत्री व बिहपुर विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। अनंत सिंह ने तिलक में अपने दामाद को करीब तीन करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार भेंट की है। शादी में चार लाख मेहमानों के जुटने का दावा किया जा रहा है, जिसके लिए 10 बीघे में ताजमहल जैसा पंडाल, 25 एकड़ में हेलीपैड और घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसके विजेता को महिंद्रा थार देने का ऐलान किया गया है।
हालांकि, शादी की इन खुशियों के बीच अनंत सिंह के सामने फिर से जेल जाने की तारीख भी तय है। दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद कर दी है और लिखित आदेश के अनुसार उन्हें चार दिसंबर 2026 तक सरेंडर करना है। अनंत सिंह ने स्पष्ट कहा है कि वे बेटी की शादी पूरी धूमधाम से संपन्न करेंगे और उसके बाद न्यायपालिका का सम्मान करते हुए शांतिपूर्वक जेल चले जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।