भागलपुर संत जोसफ स्कूल के प्राचार्य फादर अमल राज को पाक्सो एक्ट में आरोपित बनाना था गलत, पटना हाई कोर्ट ने किया रद
St Joseph School Bhagalpur Principal Father Amal Raj POCSO Case Patna High Court Relief: पटना उच्च न्यायालय ने भागलपुर के संत जोसफ स्कूल के प्राचार्य फादर अमल राज के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत लगे आरोपों को गलत ठहराते हुए निचली अदालत के सभी आदेश रद्द कर दिए हैं। प्राचार्य ने स्कूल के दो शिक्षकों द्वारा छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस का पूरा सहयोग किया था, जिसके बाद उन्हें सह-आरोपी बनाया गया था।

St Joseph School Bhagalpur Principal Father Amal Raj POCSO Case Patna High Court Relief: भागलपुर के संत जोसफ स्कूल के प्राचार्य फादर अमल राज को पटना हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत
HighLights
पटना हाई कोर्ट ने पाक्सो एक्ट के आरोप रद्द किए।
फादर अमल राज को निचली अदालत के आदेशों से राहत मिली।
प्राचार्य ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई थी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। St Joseph School Bhagalpur Principal Father Amal Raj POCSO Case Patna High Court Relief: अंग्रेजी माध्यम के प्रमुख स्कूलों में शामिल भागलपुर के संत जोसफ स्कूल के प्राचार्य फादर अमल राज पर पाक्सो एक्ट के तहत लगाया गया गंभीर आरोप आखिरकार टिक न सका। पटना उच्च न्यायालय ने उन्हें पाक्सो एक्ट में आरोपित बनाए जाने को पूरी तरह गलत करार देते हुए उनके विरुद्ध निचली अदालत से जारी सभी आदेशों को रद कर दिया है।
पटना उच्च न्यायालय में निचली अदालत के आदेशों को रद करने संबंधी दाखिल क्रिमिनल मिसलेनियस अर्जी पर सुनवाई पूरी करते हुए न्यायमूर्ति सुनील दत्त मिश्रा की अदालत ने यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। न्यायमूर्ति मिश्रा ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि भागलपुर के ललमटिया थाने में दर्ज पाक्सो एक्ट से जुड़े उक्त केस में फादर अमल राज से संबंधित संपूर्ण आपराधिक कार्यवाही को रद किया जाता है।
अदालत ने आदेश की कॉपी आवश्यक कार्रवाई और अनुपालन के लिए संबंधित निचली अदालत को तत्काल भेजने का निर्देश भी दिया है। फादर अमल राज की ओर से इस अर्जी पर बहस में अधिवक्ता अमित कुमार व अन्य शामिल थे।
प्राचार्य ने किया था पुलिस का पूरा सहयोग, तुरंत दी थी सीसीटीवी फुटेज
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में संत जोसफ स्कूल की एक छात्रा के साथ वहां के दो स्थानीय खेल शिक्षकों मुकेश कुमार और प्रिंस यादव ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। दोनों आरोपित शिक्षक छात्रा को जानबूझकर अपने पास बुलाकर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश करते थे। 27 अगस्त और 12 सितंबर 2023 को उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया था, जिससे डरी-सहमी छात्रा घर जाकर गुमसुम रहने लगी थी।
बाद में छात्रा की सहेली ने उसके परिजनों को दोनों शिक्षकों की करतूतों की जानकारी दी, जिसके बाद छात्रा के पिता ने तत्कालीन एसएसपी आनंद कुमार सिंह को पूरे मामले से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर स्कूल भेजा गया था।
बर्खास्त कर पुलिस को सौंपा था, फिर भी बना दिया गया था सह-आरोपित
पुलिस जांच के दौरान प्राचार्य फादर अमल राज ने पूरा सहयोग करते हुए तत्काल स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज टीम को उपलब्ध करा दी थी। फुटेज से दोनों शिक्षकों का अपराध सामने आने पर प्राचार्य ने उन्हें तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त करते हुए पुलिस टीम के हवाले कर दिया था, जिसके बाद दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया।
हालांकि, पुलिस अनुसंधान के क्रम में कुछ दिनों बाद प्राचार्य फादर अमल राज की भूमिका को कथित रूप से संदिग्ध बताते हुए उन्हें भी इस मामले में सहयोगी आरोपित बना लिया गया। इसके बाद निचली अदालत की ओर से उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और संपत्ति कुर्क करने तक का आदेश जारी हो गया था। बाद में फादर अमल राज को पहली राहत के तौर पर जमानत मिली थी, लेकिन उन्होंने मामले में खुद को आरोपित बनाए जाने की कार्रवाई को ही गलत बताते हुए पटना उच्च न्यायालय में इसे रद करने की अर्जी दाखिल की थी। इसी याचिका पर 20 नवंबर 2026 को उच्च न्यायालय ने उन्हें बड़ी राहत देते हुए पूरी कार्यवाही निरस्त कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।