बंजर जमीन पर भी सोना उगलेगा आंवला; खेती की विधि, औषधीय व आर्थिक फायदे और सरकारी अनुदान की पूरी प्रक्रिया आप समझ लें
Akshay Navami 2026 भागलपुर में अक्षय नवमी पर आंवले की धार्मिक पूजा के साथ-साथ इसकी व्यावसायिक खेती से किसानों की ...और पढ़ें

Akshay Navami 2026 भागलपुर में अक्षय नवमी पर आस्था और प्रकृति का संगम
HighLights
अक्षय नवमी पर आंवले की धार्मिक पूजा और महत्व।
व्यावसायिक आंवला खेती से किसानों की आर्थिक समृद्धि।
बीएयू सबौर द्वारा प्रसंस्करण व रोजगार पर जोर।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Akshay Navami 2026 परंपरागत फसलों में घटते मुनाफे और मौसम की मार से परेशान किसानों के लिए आंवले की व्यावसायिक खेती एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरी है। सूखा सहन करने की अद्भुत क्षमता के कारण यह बंजर और हल्की क्षारीय जमीन पर भी 'सोना' उगलने की ताकत रखता है।
कम लागत और सामान्य देखभाल में तैयार होने वाला आंवला न केवल औषधीय गुणों से भरपूर है, बल्कि इसके प्रसंस्करण से किसानों को बंपर आर्थिक मुनाफा भी होता है। आइए, इस विशेष रिपोर्ट में विस्तार से समझते हैं आंवले की वैज्ञानिक खेती की पूरी विधि, इसके औषधीय व आर्थिक फायदे और सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान की संपूर्ण प्रक्रिया।
आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम
कार्तिक शुक्ल नवमी यानी अक्षय नवमी पर बुधवार को आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। कहीं भगवान विष्णु की विधि-विधान से आराधना होगी, तो कहीं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आंवले के वृक्ष की परिक्रमा की जाएगी।
धार्मिक मान्यता में भगवान विष्णु का प्रिय फल और अक्षय पुण्य का प्रतीक माना जाने वाला आंवला अब अंग क्षेत्र के किसानों की आर्थिक समृद्धि का भी मजबूत आधार बन रहा है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर की उद्यान विज्ञानी डॉ. प्रीति कुमारी के अनुसार, भागलपुर सहित बांका, मुंगेर और जमुई में इसकी व्यावसायिक खेती की व्यापक संभावनाएं हैं।
भागलपुर में सुबह 6:05 से 11:27 बजे तक पूजा का शुभ मुहूर्त
तिलकामांझी महावीर मंदिर के पंडित आनंद झा के अनुसार, भागलपुर में अक्षय नवमी पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6:05 बजे से 11:27 बजे तक है। धार्मिक मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इस दिन महिलाएं वृक्ष पर जल, पुष्प, अक्षत और रोली अर्पित कर परिक्रमा करती हैं।
कई स्थानों पर वृक्ष के नीचे भोजन बनाकर परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण करने और जरूरतमंदों को अन्न-वस्त्र दान करने की परंपरा है। भागलपुर में बरारी पुल घाट और सीढ़ी घाट पर गंगा स्नान के बाद आंवले के वृक्ष की पूजा और परिक्रमा करने की परंपरा रही है। मान्यता है कि इस दिन किए गए दान-पुण्य का कभी क्षय नहीं होता और परिवार में आरोग्य व खुशहाली आती है।
सूखा सहन करने वाला पौधा, एक हेक्टेयर में लग सकते हैं 278 पौधे
डॉ. प्रीति कुमारी ने बताया कि आंवला सूखा सहन करने वाला फलदार पौधा है और इसकी देखभाल अपेक्षाकृत कम करनी पड़ती है। हल्की लवणीय और क्षारीय मिट्टी में भी इसकी खेती सफलतापूर्वक की जा सकती है, बशर्ते खेत में जलजमाव न हो। किसानों के लिए एनए-7 (नीलम), एनए-6, चकैया, बनारसी, एनए-4 (कंचन) और एनए-5 (कृष्णा) बेहद उपयोगी व उन्नत किस्में हैं।
खेत में 6 गुणा 6 मीटर की दूरी पर एक हेक्टेयर में करीब 278 पौधे लगाए जा सकते हैं। साथ ही, बाग लगाने के शुरुआती वर्षों में किसान खेत की खाली जगह में हल्दी और अदरक जैसी अंतरवर्ती फसलों की खेती कर अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर सकते हैं।
प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से युवाओं व महिलाओं को मिलेगा रोजगार
आंवला विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट का समृद्ध स्रोत है। कच्चे फल के अलावा इससे जूस, मुरब्बा, कैंडी, अचार और पाउडर जैसे कई उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। सरकार आंवला की खेती के लिए अनुदान भी दे रही है।
महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और ग्रामीण युवाओं को आंवला प्रसंस्करण से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए बीएयू सबौर द्वारा उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती और मूल्य संवर्धन के लिए प्रशिक्षण तथा प्रक्षेत्र प्रदर्शन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।