विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गौतम अदाणी का बिहार में बड़े निवेश का प्लान, सम्राट सरकार से मांगी 400 एकड़ जमीन 

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:28 AM (IST)

अदाणी पावर लिमिटेड ने भागलपुर के पीरपैंती में बिजली घर के साथ सीमेंट फैक्ट्री स्थापित करने के लिए बिहार सरकार से 400 एकड़ अतिरिक्त जमीन की मांग की है।  

गौतम अदाणी की फाइल फोटो। REUTERS

गौतम अदाणी की फाइल फोटो। REUTERS

HighLights

  1. अदाणी पावर ने बिहार सरकार से 400 एकड़ जमीन मांगी।

  2. पीरपैंती में बिजली घर के साथ सीमेंट फैक्ट्री लगेगी।

  3. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 30 नवंबर को बैठक होगी।

नवनीत मिश्र, भागलपुर। पीरपैंती में बिहार का सबसे बड़ा बिजली घर बनाने जा रहे अदाणी पावर लिमिटेड ने राज्य सरकार से 400 एकड़ और जमीन मांगी है।

कंपनी पहले से अधिग्रहित 1,060 एकड़ और इस नई जमीन पर बिजली घर के साथ सीमेंट फैक्ट्री भी लगाएगी। इसके लिए अदाणी पावर ने सरकार को अपनी योजना व प्रस्ताव भेज दिया है। इस पर शासन के स्तर पर पहल तेज हो गई है।

इस प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए 30 नवंबर को शाम पांच बजे मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में बैठक बुलाई गई है। ऊर्जा विभाग के उप सचिव राज किशोर लाल ने 25 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है।

बैठक में भूमि की उपलब्धता, आवंटन और परियोजना के स्वरूप सहित अन्य पहलुओं पर चर्चा होगी। पीरपैंती में पहले चरण के तहत 800-800 मेगावाट की तीन इकाइयों यानी 2400 मेगावाट क्षमता की तापीय विद्युत परियोजना का निर्माण चल रहा है।

दूसरे चरण में इतनी ही क्षमता की तीन नई इकाइयां जुड़ने से कुल उत्पादन 4800 मेगावाट हो जाएगा, जिसके अंतर्गत यह नया प्रस्ताव रखा गया है।

प्रस्तावों के प्रजेंटेशन की योजना 

बैठक में शामिल होने के लिए वित्त विभाग के प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव, विधि विभाग के सचिव-सह-विधि परामर्शी, भागलपुर के जिलाधिकारी और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा गया है।

ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि दी गई है। बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता को प्रस्तावों पर प्रस्तुतीकरण तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर मंथन हो सके।

बैठक के बाद ही आगे की प्रक्रिया और सरकार के निर्णय की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रस्ताव आगे बढ़ने पर पीरपैंती में बड़े औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बनेंगी।

यह भी पढ़ें- बिहार में बनेगा यूरोप जैसा 'लिनेन' कपड़ा, तीसी के बेकार तनों से निकाले जाएंगे रेशे; सिंदूर की भी होगी ब्रांडिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।