बिहार में अडानी ग्रुप का मेगा प्लान: भागलपुर में लगेगा 2400 MW पावर प्लांट, सीमेंट यूनिट का भी प्रस्ताव
अडानी पावर लिमिटेड ने बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती में 2400 मेगावाट का तापीय बिजली घर और सीमेंट पिसाई यूनिट लगाने का प्रस्ताव दिया है।
-1795763859212_m.webp)
भागलपुर में लगेगा 2400 MW पावर प्लांट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
अडानी ने पीरपैंती में 2400 मेगावाट बिजली घर का प्रस्ताव दिया।
साथ ही पहले से अधिग्रहित भूमि पर सीमेंट यूनिट भी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 30 नवंबर को बैठक होगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पीरपैंती में तापीय बिजली घर स्थापित करने की योजना को लेकर राज्य सरकार के स्तर पर पहल तेज हो गई है। अडानी पावर लिमिटेड की ओर से बिहार में तापीय विद्युत परियोजनाओं के विकास के लिए 400 एकड़ जमीन आवंटित करने की आवश्यकता जताई गई है।
इसके साथ ही भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3×800 मेगावाट यानी कुल 2400 मेगावाट क्षमता की तापीय विद्युत परियोजना स्थापित करने और पहले से अधिग्रहित जमीन के भीतर सीमेंट पिसाई यूनिट लगाने का प्रस्ताव दिया गया है।
25 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया
इन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के लिए 30 नवंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई है। ऊर्जा विभाग के उप सचिव राज किशोर लाल ने 25 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है।
पत्र के अनुसार, 30 नवंबर को अपराह्न पांच बजे मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में बैठक होगी। इसमें अडानी पावर लिमिटेड से प्राप्त प्रस्तावों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में भागलपुर जिले के पीरपैंती से जुड़े प्रस्ताव पर विशेष रूप से विचार किया जाना है।
जमीन आवंटन और परियोजना के स्वरूप पर होगी चर्चा
अडानी पावर की ओर से तापीय विद्युत परियोजनाओं के विकास के लिए 400 एकड़ भूमि आवंटित करने की आवश्यकता बताई गई है। वहीं, पीरपैंती में 2400 मेगावाट क्षमता की तापीय बिजली परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव है।
इसके अतिरिक्त पहले से अधिग्रहित भूमि के भीतर सीमेंट पिसाई यूनिट की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया है। बैठक में इन प्रस्तावों पर संबंधित विभागों के बीच विचार-विमर्श होगा। भूमि की उपलब्धता, आवंटन और परियोजना से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
वित्त, राजस्व और जिला प्रशासन के अधिकारी होंगे शामिल
बैठक में वित्त विभाग के प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव, विधि विभाग के सचिव-सह-विधि परामर्शी, भागलपुर के जिलाधिकारी और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को शामिल होने के लिए पत्र भेजा गया है।
इसके अलावा ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है। बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता को संबंधित प्रस्तावों पर प्रस्तुतीकरण तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इससे बैठक में परियोजना के तकनीकी और अन्य पहलुओं पर चर्चा की जा सकेगी।
फिलहाल दोनों प्रस्तावों पर विचार होना है। बैठक के बाद ही परियोजना की आगे की प्रक्रिया और सरकार के निर्णय की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो पीरपैंती में बड़े औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बन सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।