विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिजिटल हाजिरी : ई-शिक्षाकोष पर हाजिरी नहीं बनाने वाले 48 हजार शिक्षक रडार पर; भागलपुर में 1038 और बांका में 629 गायब

Published: Wed, 04 Nov 2026 01:48 PM (IST)

Bihar E-Shikshakosh Teacher Attendance Report: ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर डिजिटल हाजिरी दर्ज न कराने वाले 48,050 शिक्षक शिक्षा विभाग के निशाने ...और पढ़ें

Bihar E-Shikshakosh Teacher Attendance Report: ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति की राज्यस्तरीय सघन जांच शुरू

Bihar E-Shikshakosh Teacher Attendance Report: ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति की राज्यस्तरीय सघन जांच शुरू

HighLights

  1. ई-शिक्षाकोष पर 48,050 शिक्षकों ने डिजिटल हाजिरी दर्ज नहीं की।

  2. भागलपुर में 1038 और बांका में 629 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए।

  3. अनुपस्थित शिक्षकों पर वेतन कटौती, निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई होगी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar E-Shikshakosh Teacher Attendance Report: ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने में लापरवाही बरतने वाले शिक्षक अब सीधे शिक्षा विभाग के निशाने पर आ गए हैं। राज्य मुख्यालय स्तर से शुरू की गई सघन जांच के बाद तीन नवंबर की पहली राज्यस्तरीय उपस्थिति रिपोर्ट जारी कर दी गई है। इस रिपोर्ट में राज्य भर के 48,050 ऐसे शिक्षक सामने आए हैं, जिन्होंने पोर्टल पर अपनी हाजिरी दर्ज नहीं कराई है।

इनमें भागलपुर जिले के 1,038 और बांका जिले के 629 शिक्षक शामिल हैं। चिंताजनक पहलू यह है कि ये शिक्षक न तो अधिकृत अवकाश पर हैं और न ही किसी ऑन ड्यूटी सरकारी कार्य में प्रतिनियुक्त दर्शाए गए हैं। बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने वाले ऐसे तमाम शिक्षकों को विभाग ने गंभीरता से लिया है और जल्द ही इन पर अनुशासनिक कार्रवाई की गाज गिर सकती है।

राज्य में 91 फीसदी से अधिक उपस्थिति, 48 हजार पर लटकी तलवार

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बिहार के सरकारी विद्यालयों में पदस्थापित कुल 5,77,618 शिक्षकों में से 5,29,568 शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज की गई है। इनमें से 4,33,682 शिक्षकों ने खुद पोर्टल पर लॉग-इन कर सेल्फ अटेंडेंस बनाई है, जबकि 27,502 शिक्षकों की हाजिरी ऑन ड्यूटी और 68,384 शिक्षकों का ब्योरा अधिकृत अवकाश के रूप में दर्ज किया गया है। लेकिन इन सबके बावजूद 48 हजार से अधिक शिक्षकों का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उस दिन पोर्टल पर दर्ज नहीं मिला।

भागलपुर में 93.9% तो बांका में 94.5% रहा उपस्थिति प्रतिशत

जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो भागलपुर जिले में कुल 17,069 कार्यरत शिक्षकों में से 16,031 की उपस्थिति दर्ज हुई है, जिससे जिले का कुल उपस्थिति प्रतिशत 93.9 दर्ज किया गया। इनमें 12,800 ने सेल्फ अटेंडेंस बनाई, 885 ऑन ड्यूटी रहे और 2,346 शिक्षक विधिवत अवकाश पर थे। इसके उपरांत भी 1,038 शिक्षकों की कोई हाजिरी दर्ज नहीं मिली।

वहीं, बांका जिले में कुल 11,464 शिक्षकों के सापेक्ष 10,835 शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज की गई और यहां उपस्थिति का ग्राफ 94.5 प्रतिशत रहा। बांका में 8,758 शिक्षकों ने सेल्फ अटेंडेंस बनाई, 664 ऑन ड्यूटी रहे तथा 1,413 शिक्षक अवकाश पर रहे, जबकि 629 शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना या कारण के गैरहाजिर पाए गए। विभागीय सूत्रों का कहना है कि दोनों जिलों के ऐसे सभी शिक्षकों की सूची अलग से तैयार कर उनकी अनुपस्थिति की ठोस वजहों की पड़ताल की जा रही है।

हाजिरी बनाकर विद्यालय से गायब रहे तो होगी सख्त कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने केवल डिजिटल हाजिरी बनाने तक ही अपनी नजर सीमित नहीं रखी है, बल्कि पोर्टल या रजिस्टर में औपचारिकता पूरी कर विद्यालय से नदारद रहने वाले शिक्षकों पर भी नकेल कसने का खाका तैयार किया है। विभाग ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि केवल मोबाइल ऐप या पंजी में हाजिरी लगा देना पर्याप्त नहीं है; तय विद्यालय अवधि के दौरान शिक्षकों की वास्तविक और भौतिक मौजूदगी अनिवार्य है। यदि डिजिटल उपस्थिति दर्ज करने के बाद जांच में कोई शिक्षक स्कूल से नदारद पाया गया, तो इसे गंभीर कदाचार और सेवा शर्तों का उल्लंघन मानते हुए सीधे वेतन कटौती व निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

जल्द शुरू होगा स्कूलों का औचक निरीक्षण

इस संबंध में जिला और प्रखंड स्तर के शिक्षा पदाधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षकों को सख्त ताकीद की गई है कि वे विद्यालय समय सारिणी के अनुसार ससमय स्कूल पहुंचें और संपूर्ण कार्य अवधि तक कक्षा में अध्यापन कार्य सुनिश्चित करें। विभाग ने साफ कर दिया है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल को सुचारू शैक्षणिक व्यवस्था के लिए लागू किया गया है, न कि यह विद्यालय से भौतिक अनुपस्थिति का कोई परोक्ष साधन है।

यह भी पढ़ें- अक्षांश-देशांतर से पकड़ाया फर्जीवाड़ा! पुरुष शिक्षक की जगह महिला की फोटो से बनती थी हाजिरी; रांची-भागलपुर कनेक्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।