विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अक्षांश-देशांतर से पकड़ाया फर्जीवाड़ा! पुरुष शिक्षक की जगह महिला की फोटो से बनती थी हाजिरी; रांची-भागलपुर कनेक्शन

Published: Fri, 30 Oct 2026 11:01 PM (IST)

Bhagalpur E Shiksha Kosh Attendance Scam: भागलपुर में ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर एक शिक्षक की फर्जी हाजिरी का बड़ा खुलासा ...और पढ़ें

Bhagalpur E Shiksha Kosh Attendance Scam: ई-शिक्षा कोष में गजब फर्जीवाड़ा

Bhagalpur E Shiksha Kosh Attendance Scam: ई-शिक्षा कोष में गजब फर्जीवाड़ा

HighLights

  1. शिक्षक महीनों अनुपस्थित, महिला की फोटो से बनती थी हाजिरी।

  2. जियो-कोऑर्डिनेट्स में गड़बड़ी से फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।

  3. आरडीडीई ने जांच के आदेश दिए, सख्त कार्रवाई होगी।

अभ‍िषेक प्रकाश, भागलपुर। Bhagalpur E Shiksha Kosh Attendance Scam: बिहार के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित और पारदर्शी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए लागू किए गए 'ई-शिक्षा कोष' पोर्टल की तकनीकी निगरानी में एक सनसनीखेज फर्जीवाड़ा सामने आया है। भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत आरएमएस (RMS) चांदपुर में पदस्थापित प्रखंड शिक्षक राजेश कुमार राय की हाजिरी में भारी गड़बड़झाला पकड़ा गया है।

विभागीय पड़ताल में सामने आया है कि उक्त शिक्षक महीनों तक विद्यालय से भौतिक रूप से अनुपस्थित रहे, लेकिन पोर्टल पर उनकी डिजिटल हाजिरी नियमित तौर पर बनती रही। चौंकाने वाली बात यह है कि पुरुष शिक्षक की उपस्थिति दर्ज करने के दौरान पोर्टल पर किसी दूसरी महिला की तस्वीर अपलोड कर दी गई। मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

घर के अंधेरे से अपलोड की फोटो

विभागीय जांच रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक के आगमन और प्रस्थान के समय कई बार उनके स्थान पर किसी महिला का चेहरा पोर्टल पर अपलोड मिला। इतना ही नहीं, तकनीकी चालाकी की हद यह रही कि कई दिनों की उपस्थिति में घर के अंधेरे में क्लिक की गई तस्वीरें अपलोड कर दी गईं, ताकि चेहरा स्पष्ट रूप से पहचान में न आ सके।

 

कई दिनों तक एक ही तस्वीर का खेल

इसके अतिरिक्त, ज्यादातर दिनों की अटेंडेंस में एक ही तस्वीर को बार-बार दोहराया गया पाया गया। चर्चा है कि शिक्षक ज्यादातर समय झारखंड की राजधानी रांची में रहकर अपना निजी कामकाज देखते हैं और कभी-कभार ही विद्यालय आते हैं, लेकिन पोर्टल और स्थानीय साठगांठ के सहारे उनकी हाजिरी लगातार बन रही थी।

जुलाई और अगस्त में रहे नदारद, फिर भी बनता रहा वेतन

ई-शिक्षा कोष के पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों की स्क्रूटनी में शिक्षक की लंबी अनुपस्थिति का भी खुलासा हुआ है। रिकॉर्ड के अनुसार:

  • जुलाई माह: शिक्षक कुल 25 दिन विद्यालय से अनुपस्थित रहे और पूरे महीने में केवल 2 दिन ही उनकी उपस्थिति दर्ज है।

  • अगस्त माह: 18 दिन गैरहाजिर रहे, 9 दिन का अवकाश दर्ज है, जबकि पूरे महीने में सिर्फ 4 दिन उपस्थित रहे।

लगातार महीनों तक विद्यालय से गायब रहने के बावजूद संबंधित शिक्षक का मासिक वेतन निर्बाध रूप से जारी होता रहा। इससे प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) के कर्मियों और अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि बीआरसी में जमे कुछ कर्मियों की मिलीभगत के बिना इतने बड़े फर्जीवाड़े को अंजाम देना संभव नहीं है।

अक्षांश-देशांतर (Geo-Coordinates) के अंतर से खुली पोल

डिजिटल हाजिरी में केवल फोटो ही नहीं, बल्कि लोकेशन के साथ भी छेड़छाड़ के संकेत मिले हैं। सितंबर महीने में उपस्थिति दर्ज करने के दौरान अक्षांश-देशांतर (लैटीट्यूड-लॉन्गीट्यूड) में भारी अंतर पाया गया।

विद्यालय परिसर के लिए निर्धारित कोऑर्डिनेट्स के मुकाबले एक तस्वीर में अंतिम अंक 196 और दूसरी में 201 दर्ज पाया गया। इससे साफ संकेत मिलता है कि हाजिरी विद्यालय के निर्धारित दायरे (जियो-फेंसिंग) के बाहर से दर्ज करने की कोशिश की गई है।

आरडीडीई ने बीईओ को दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम

क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (RDDE) सुभाष कुमार गुप्ता द्वारा ई-शिक्षा कोष पोर्टल की गहन समीक्षा के निर्देश दिए जाने के बाद प्रमंडल स्तरीय टीम ने जब रैंडम जांच की, तब यह पूरा मामला खुला।

आरडीडीई ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को निर्देश जारी किया है। उन्होंने शिक्षक के अक्षांश-देशांतर, अपलोड की गई तस्वीरों और उपस्थिति पंजिका की भौतिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर बिंदुवार रिपोर्ट तलब की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषी शिक्षक और इसमें संलिप्त बीआरसी कर्मियों के खिलाफ निलंबन और प्राथमिकी दर्ज कराने जैसी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें- शिक्षकों को वेतन देने की तैयारी! भागलपुर के 17079 टीचरों का डेटा मिला, 98 लाख गबन के आरोपी का कमरा खुलेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।