विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में कचरे के ढेर में मिलीं बच्चों की हजारों आयरन की गोलियां, 2027 में होने वाली एक्सपायर

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:30 PM (IST)

बेगूसराय के शाम्हो प्रखंड में बच्चों के लिए हजारों आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां कचरे में मिलीं, जबकि उनकी एक्सपायरी डेट 2027 तक थी।

कचरे के ढेर में मिलीं हजारों आयरन की गोलियां (सौ. जागरण)

कचरे के ढेर में मिलीं हजारों आयरन की गोलियां (सौ. जागरण)

HighLights

  1. शाम्हो बीआरसी में बच्चों की हजारों दवाएं कचरे में मिलीं।

  2. आयरन और फोलिक एसिड गोलियों की एक्सपायरी 2027 तक थी।

  3. यह घटना शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।

संवाद सूत्र, शाम्हो (बेगूसराय)। एक ओर सरकार नौनिहालों को कुपोषण और एनीमिया (रक्ताल्पता) से बचाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर शाम्हो प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में शिक्षा विभाग की संवेदनहीनता और लापरवाही उजागर हुई है। 

प्रखंड के सभी 18 विद्यालयों के बच्चों में वितरित की जाने वाली फेरस सल्फेट एंड फोलिक एसिड की हजारों गोलियां वितरण करने के बजाय बीआरसी परिसर स्थित बाथरूम और आसपास के कचरे में फेंक दी गई है। 

हैरानी की बात यह है कि कचरे में फेंकी गई इन दवाओं की एक्सपायरी डेट वर्ष 2027 तक है और इन पर बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (बीएमएसआइसीएल) का लोगो भी अंकित है।

बाढ़ के दौरान डीएम के दौरे पर फेंकने की चर्चा 

मामला उजागर होने के बाद शिक्षा महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि बाढ़ के समय डीएम के संभावित दौरे के दौरान बीआरसी परिसर की आनन-फानन में साफ-सफाई कराई गई थी। इसी दौरान गोदाम में रखी इन गोलियों को बच्चों तक पहुंचाने के बजाय कचरे में फेंकवा दिया गया। 

बीआरसी की कार्यशैली पर ही सवाल खड़े किए

सरलाही मध्य विद्यालय के एक शिक्षक ने भी दबी जुबान स्वीकार किया कि यह कारनामा बीआरसी स्तर से ही सफाई के दौरान किया गया है। इस मामले में विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने दवा के अभाव की बात कहकर बीआरसी की कार्यशैली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुधास अंजनी मध्य विद्यालय, सरलाही के एचएम ने स्पष्ट किया कि उनके विद्यालय की दवा नहीं है। उन्हें इतनी कम मात्रा में दवा मिलती है कि वह बीच सत्र में ही खत्म हो जाती है। 

मध्य विद्यालय अकहा सह कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के प्राचार्य विनय सिंह ने बताया कि उन्हें केवल चार महीने का स्टॉक ही उपलब्ध कराया गया है। प्लस टू विद्यालय अकबरपुर बरारी के प्राचार्य कौशल प्रसाद सिंह ने कहा कि उनके विद्यालय का स्टॉक खत्म हो चुका है। उन्होंने शाम्हो के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. निशांत कुमार से संपर्क किया था, जिस पर बीआरसी को दवा उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला है।

हर बच्चों के लिए साल में 52 गोलियों का है प्रविधान

शाम्हो पीएचसी प्रभारी डॉ. निशांत कुमार ने बताया कि बच्चों को एनीमिया से बचाने के लिए आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां पूरे एक साल के स्टाफ के रूप में बीआरसी को उपलब्ध करा दी जाती है। नियम के मुताबिक, मिड-डे-मील के बाद सप्ताह में एक दिन यानी साल में प्रति बच्चा 52 गोलियां खिलाना अनिवार्य है। 

इस लापरवाही पर जब शाम्हो के बीईओ आदित्य भारती से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने व्यस्त होने का हवाला देते हुए बाद में बात करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।

यह मामला मुख्य रूप से शिक्षा विभाग से जुड़ा है, फिर भी अपने स्तर से इसकी जांच कर देख लिया जाएगा। - अशोक कुमार, बीडीओ, शाम्हो

यह भी पढ़ें- बेगूसराय में प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, लाश गंगा में फेंकी; फिर खुद ही थाने पहुंच गई पत्नी


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।