Move to Jagran APP

बिहार में राजस्व कर्मचारी का पकड़ौआ विवाह, चाय पीने के बहाने घर पर बुलाया; फिल्मी स्टाइल में करा दी शादी

बिहार में एक पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है। राजस्व कर्मचारी को लड़की के संबंधियों ने चाय पीने के बहाने घर पर बुलाया। फिर लड़की को परीक्षा दिलाने के नाम पर लड़का के पास भेज थाने में बेटी के अपहरण का आवेदन दे दिया गया। लड़का जब लड़की के साथ हड़बड़ा कर थाने पहुंचा तो वहां एक मंदिर में पकड़ौआ विवाह कर दिया गया।

By Balwant Chaudhary Edited By: Shashank Shekhar Published: Mon, 01 Apr 2024 04:17 PM (IST)Updated: Mon, 01 Apr 2024 04:17 PM (IST)
पकड़ौआ विवाह के बाद राजस्व कर्मचारी रिंटू कुमार व नव विवाहित रानी चंद्रप्रभा। (फोटो क्रेडिट: स्वजन)

संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय)। लड़की वालों ने विवाह के लिए पहले राजस्व कर्मचारी के सरकारी पद पर कार्यरत लड़का देखा। लड़का ने अभी विवाह नहीं करने की बात कही। फिर, लड़की को परीक्षा दिलाने के नाम पर लड़का के पास भेज थाने में बेटी के अपहरण का आवेदन दे दिया गया।

loksabha election banner

लड़का जब लड़की के साथ हड़बड़ा कर थाने पहुंचा तो वहां प्रखंड मुख्यालय स्थित एक मंदिर में उसका पकड़ौआ विवाह कर दिया गया। कहानी बिल्कुल फिल्मी स्टाइल की है। कानून पर सवाल भी कि बिना लड़का के स्वजनों की उपस्थिति में कैसे विवाह करा दिया गया।

लड़की के हाथ की चाय पीना पड़ा महंगा 

छौड़ाही थाना क्षेत्र के पतला गांव निवासी श्याम नारायण महतो बताते हैं कि उनका बेटा रिंटू कुमार सीतामढ़ी जिला के रुन्नीसैदपुर प्रखंड में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। दो महीने पूर्व समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खदियाही गांव निवासी जागेश्वर प्रसाद अपनी बेटी रानी चंद्रप्रभा के विवाह का प्रस्ताव भेजे थे, परंतु राजस्व कर्मचारी बेटे ने फिलहाल शादी नहीं करने की बात कही थी।

श्याम नारायण महतो बताते हैं कि उनका बेटा जब एक महीना पूर्व अपने गांव आया था। वहीं, लड़की भी अपने संबंधी के यहां पहुंची हुई थीं। संबंधियों ने राजस्व कर्मचारी को चाय पीने के बहाने अपने घर पर बुलाया और लड़की के हाथों से बना हुआ चाय भी पिलाया। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी पर चले गए।

परीक्षा के बहाने लड़की को भेजा कर्मचारी के पास 

राजस्व कर्मचारी के पिता बताते हैं कि गांव के ही एक संबंधी ने उनके बेटे को फोन कर आग्रह किया कि एक रिलेशन के व्यक्ति का सीतामढ़ी में परीक्षा का सेंटर मिला है।

आप उसे अपने रूम पर रखकर परीक्षा दिलवा दीजिएगा। उनके बेटे रिंटू कुमार यह साजिश नहीं समझ पाए और हां कह दी। विगत बुधवार को रिलेशन के व्यक्ति के बदले लड़की रानी चंद्रप्रभा वहां पहुंच गई।

लड़की के पिता ने अपहरण का दे दिया आवेदन- लड़का के पिता 

उन्होंने बताया कि लड़की के राजस्व कर्मचारी के पास पहुंचते ही लड़की के पिता ने विभूतिपुर थाना में आवेदन देकर बताया कि हमारी बेटी को राजस्व कर्मचारी रिंटू कुमार विवाह की नीयत से अपहरण कर लिए हैं। राजस्व कर्मचारी के मोबाइल पर विभूतिपुर थाना अध्यक्ष के द्वारा फोन कर उनके लड़के को बताया जाता है कि रानी चंद्रप्रभा नाम की लड़की आपके पास है। उसे लेकर शाम तक विभूतिपुर थाना पर पहुंचें।

हड़बड़ाकर वह लड़की को अपने साथ लेकर समस्तीपुर स्टेशन पहुंचे। तभी वहां पर पहले से मौजूद विभूतिपुर पुलिस लड़का और लड़की को अपने कब्जे में लेकर विभूतिपुर थाना साथ में ले गए।

साजिश रचकर जबरन शादी करा दी- राजस्व कर्मचारी के पिता

विभूतिपुर पुलिस की सूचना पर पहुंचे लड़की पक्ष की लोगों की उपस्थिति में लड़का एवं लड़की को प्रखंड मुख्यालय स्थित बाबा विभूतिनाथ मंदिर में पकड़ौआ विवाह करा दिया गया। राजस्व कर्मचारी के पिता का कहना था कि विभूतिपुर पुलिस द्वारा हमलोगों को जानकारी नहीं दी गई। साजिश रचकर जबरन शादी करा दी गई है।

दूसरी तरफ, राजस्व कर्मचारी रिंटू कुमार से उनके स्वजनों का संपर्क नहीं हो पा रहा है। दोनों थाना में न्याय के लिए गुहार लगा रहे हैं। रिंटू कुमार के मोबाइल नंबर पर उनका पक्ष जानने के लिए कई बार कॉल किया गया, परंतु प्रत्येक वार मोबाइल स्विच ऑफ बताता रहा।

लड़की रानी चंद्रप्रभा के स्वजनों का कहना है कि कोई जोर जबरदस्ती नहीं हुई। विवाह के बाद लड़की को लड़का के साथ भेज दिया गया है। लड़का पक्षवालों को समझाकर मामले को निपटा लेंगे। इस संबंध में छौड़ाही एवं विभूतिपुर थाना अध्यक्ष से संपर्क किया गया। उन्होंने इस तरह की किसी घटना की जानकारी से इनकार किया है।

ये भी पढ़ें- 

Bihar News: शराब धंधेबाजों के साथ मिली-भगत, SP ने दारोगा को कर दिया निलंबित; अब होगी विभागीय कार्यवाही

बिहार के इस जिले में एक माह से किसान परेशान, धान की फसल खराब होने का डर; नहीं मिल रही ये सुविधा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.