Bihar Politics: 'जनता को हंसने का मौका देते हैं सीएम', सम्राट चौधरी पर प्रशांत किशोर का तंज
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 'अपराध' संबंधी बयानों पर तीखा हमला बोला है, उन्हें सीएम बनाने वालों की गलती बताई।

सम्राट चौधरी को सीएम बनाने वालों की गलती, हंसा रहे मुख्यमंत्री : प्रशांत किशोर
HighLights
प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी के बयानों पर तंज कसा।
दो निर्दलीय विधान पार्षदों के भाजपा में शामिल होने को असंवैधानिक बताया।
मधुबनी गोलीकांड में एएसआई पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) पर तीखा हमला बोला है।
मुख्यमंत्री के 'अपराध' और 'क्राइम' को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को नेता बनाएंगे तो उनसे ऐसी ही बातों की अपेक्षा रख सकते हैं। वे हर पांच-दस दिन पर जनता को हंसने और अपने समाज का मजाक उड़ाने का अवसर दे देते हैं।
पीके ने कहा कि गलती मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नहीं, बल्कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने वालों की है। बिहार के लोगों ने जाति-धर्म में बंटकर मोदी और लालू के चक्कर में ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है, जिन्हें अपराध और क्राइम का फर्क नहीं मालूम है।
बुधवार को दिनकर भवन बेगूसराय में जन सुराज के नवनियुक्त जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने दो निर्दलीय विधान पार्षदों के भाजपा में शामिल होने पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि दोनों की सदस्यता जाना तय है। उन्हें भाजपा की सरकार भी नहीं बचा सकती। उन्होंने इस कदम को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि जन सुराज ने विधान परिषद के सभापति को पहले ही याचिका सौंप दी है।
पीके ने कहा कि यदि निर्णय संविधान के अनुरूप नहीं हुआ तो जन सुराज न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। यह विधान परिषद का मामला है, इसलिए विधानसभा अध्यक्ष के बयान का कोई महत्व नहीं है।
मधुबनी गोलीकांड में एएसआई पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की उठाई मांग:
मधुबनी गोलीकांड पर प्रशांत किशोर ने कहा कि प्रथम दृष्टया घटना गलत प्रतीत होती है। जन सुराज पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। घटना के बाद पार्टी की जिला इकाई ने सड़क जाम और धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बनाया।
इससे पहले जन सुराज के नवनियुक्त जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।
प्रशांत किशोर ने बैठक में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। मौके पर नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. सुरेश प्रसाद राय, जिलाध्यक्ष डॉ. सोनू शंकर, प्रो. संजय गौतम व विंग कमांडर रंजीत कुमार आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- बिहार में मिल गया BJP-JDU को हराने का फॉर्मूला, रोहिणी आचार्य ने PK के सामने रखी शर्त
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Result Analysis: कौन पास, कौन फेल? BJP का दबदबा, निशांत-तेजस्वी को राहत तो प्रशांत किशोर ने भी मारी बाजी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।