बेगूसराय के नायब सूबेदार शंभू कुमार का कमाल: 3 गिनीज रिकॉर्ड और 53 मिनट शंख वादन, राज्यपाल ने किया सम्मानित
बछवाड़ा निवासी नायब सूबेदार शंभू कुमार को बिगुल, शंख और डिजरीडू वादन में तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए सम्मानित किया गया।

नायब सूबेदार शंभू कुमार को किया सम्मानित। (जागरण)
HighLights
नायब सूबेदार शंभू कुमार तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक।
मिजोरम के राज्यपाल ने फतेहगढ़ में किया सम्मानित।
बिगुल, शंख, डिजरीडू वादन में असाधारण प्रतिभा।
संवाद सूत्र, बछवाड़ा (बेगूसराय)। बिगुल, शंख और डिजरीडू वादन में तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले बछवाड़ा गांव निवासी नायब सूबेदार शंभू कुमार को सम्मानित किया गया है।
उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित 17वें पोस्ट वार रीयूनियन एवं विशेष सैनिक सम्मेलन में उन्हें उनकी असाधारण प्रतिभा और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मिजोरम के राज्यपाल एवं भारतीय सेना के पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल (डॉ.) विजय कुमार सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।
प्रशस्ति पत्र में शंभू कुमार की वादन कला, असाधारण कीर्तिमानों और राजपूत रेजिमेंट का गौरव बढ़ाने में उनके योगदान की सराहना की गई है। उन्होंने बिगुल पर एक मिनट 23.04 सेकंड, शंख पर 80 सेकंड और डिजरीडू पर 89.43 सेकंड तक एकल स्वर वादन कर तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं।
इसके अलावा लगातार 33 मिनट तक शंख वादन के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स और 53 मिनट तक शंख वादन के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज है।
प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि शंभू कुमार की लगन, अनुशासन और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण ने रेजिमेंट को गौरवान्वित किया है।
उनकी उपलब्धियां रेजिमेंट के अधिकारियों, जेसीओ और जवानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सम्मेलन में राजपूत रेजिमेंट की सभी बटालियनों के अधिकारी, जेसीओ और जवान उपस्थित थे।
एक सैनिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए वादन कला में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाना शंभू कुमार की बहुमुखी प्रतिभा और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है।
यह भी पढ़ें- लखीसराय की बेटी कशिश ने यूपी में गाड़ा सफलता का झंडा, चारों सेमेस्टर में टॉप कर जीता गोल्ड मेडल