स्कॉर्पियो पर 'बखरी DCLR' का बोर्ड और अंदर 216 लीटर विदेशी शराब: बेगूसराय पुलिस ने 3 तस्करों को दबोचा
बखरी (बेगूसराय) में पुलिस ने डीसीएलआर के बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।

पकड़ी गई स्कॉर्पियो। (जागरण)
HighLights
डीसीएलआर बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से 216 लीटर शराब बरामद।
पुलिस ने तीन शराब तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया।
सरकारी पदनाम का दुरुपयोग कर शराब तस्करी का खुलासा।
संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। सरकारी अधिकारी के नाम और पद का इस्तेमाल कर शराब तस्करी का खेल चल रहा था। पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्करों ने स्कॉर्पियो पर बखरी डीसीएलआर का बोर्ड लगा रखा था।
हालांकि, शुक्रवार की रात लोहियानगर थाना पुलिस और डीडीआईयू की संयुक्त कार्रवाई में तस्करों की यह चालाकी पकड़ी गई। पन्हास गांव के समीप पुलिस ने स्कॉर्पियो (बीआर09पीए2905) से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जिनेदपुर निवासी प्रयाग सिंह के पुत्र आनंद कुमार तथा सिकंदरपुर रजौड़ा निवासी शिवशंकर राय के पुत्र सत्यम कुमार और प्रवीन राय के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप मोकामा से लाई जा रही थी और इसे रजौड़ा पहुंचाना था।
पुलिस जांच के दायरे में सरकारी बोर्ड का इस्तेमाल
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शराब ढोने के लिए इस्तेमाल की जा रही स्कार्पियो पर बखरी डीसीएलआर का बोर्ड लगा था। बताया जाता है कि वाहन अनुबंध पर चल रहा था। सरकारी पद का बोर्ड लगाकर तस्करी किए जाने के मामले ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है।
अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाहन पर डीसीएलआर का बोर्ड किसने और किस उद्देश्य से लगाया था। इस पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
डीसीएलआर ने वाहन से संबंध होने से किया इनकार
इस संबंध में पूछे जाने पर बखरी डीसीएलआर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित वाहन शुक्रवार को न तो भाड़े पर था और न ही उसका चालक उपलब्ध था।
उन्हें वाहन के गैरेज में होने की सूचना दी गई थी। इस कारण उस दिन दूसरा वाहन भाड़े पर लिया गया था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और सरकारी पदनाम वाले बोर्ड के इस्तेमाल के पीछे की पूरी कहानी खंगाल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।