विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में छठ महापर्व पर 260 से अधिक घाटों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, खतरनाक घाटों पर लगेंगे लाल झंडे

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:42 PM (IST)

बेगूसराय में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने 260 से अधिक घाटों पर व्यापक सुरक्षा ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. 260 से अधिक घाटों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था।

  2. खतरनाक घाटों पर लाल झंडे, बैरिकेडिंग और निगरानी।

  3. पटाखों पर प्रतिबंध, मेडिकल कैंप और नियंत्रण कक्ष।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है।

जिले के 260 से अधिक सामान्य, संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं खतरनाक स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

डीएम रिची पांडेय एवं एसपी मनीष कुमार ने संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय महापर्व

महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्याकालीन अर्घ्य और 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा।

इस दौरान नदियों, पोखरों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पांच सौ या इससे अधिक श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ वाले घाटों की अलग सूची तैयार कर वहां विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, लाल झंडे से होगी पहचान

सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां लाल झंडे और सूचना पट्ट लगाने का निर्देश दिया गया है। ऐसे घाटों को खतरनाक जोन घोषित कर बैरिकेडिंग कराई जाएगी।

नदियों एवं तालाबों में गहरे पानी की शुरुआत वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग होगी, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में नहीं जा सकें। प्रमुख घाटों पर नाव, गोताखोर और एसडीआरएफ की मोटरबोट तैनात रहेंगी। नागरिक सुरक्षा एवं रेडक्रास के स्वयंसेवक भी निर्धारित ड्रेस में प्रशासन को सहयोग करेंगे।

घाटों के पास पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी पर रोक

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए 13 से 16 नवंबर तक नदी घाटों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों के आसपास पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नहाय-खाय से लेकर प्रातःकालीन अर्घ्य तक निजी एवं यंत्र चालित नावों के परिचालन पर भी रोक रहेगी।

घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर रहेगी रोशनी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर पर्याप्त रोशनी एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग चौड़े रास्ते बनाए जाएंगे।

चचरी पुलों की मजबूती की जांच संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी स्वयं करेंगे। बरौनी, बछवाड़ा, लाखो, लखमिनियां एवं साहेबपुर कमाल में रेलवे ट्रैक के समीप स्थित घाटों और रेलवे लाइन पार करने वाले स्थलों पर 15 एवं 16 नवंबर को विशेष दंडाधिकारी, पुलिस बल, होमगार्ड और चौकीदार तैनात रहेंगे।

प्रमुख घाटों पर मेडिकल कैंप, 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे चिकित्सक

15 एवं 16 नवंबर को प्रमुख छठ घाटों पर चिकित्सक, नर्स, पैरामेडिकल कर्मियों, जीवनरक्षक दवाओं और एंबुलेंस के साथ मेडिकल कैंप संचालित होंगे। सिविल सर्जन को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।

सदर अस्पताल सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रोस्टर के अनुसार 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डूबने की घटनाओं में त्वरित उपचार के लिए आवश्यक उपकरण एवं दवाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है।

जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06243-222835

आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 06243-222835 है।

एडीएम लोक शिकायत निवारण राजीव रोशन इसके वरीय प्रभार में रहेंगे। सभी अनुमंडलों में भी नियंत्रण कक्ष तथा महत्वपूर्ण घाटों पर मिनी कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। लाउडस्पीकर, सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से घाटों की लगातार निगरानी होगी।

अर्घ्य से पहले पहुंचना होगा प्रतिनियुक्त अधिकारियों को

डीएम एवं एसपी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। 15 नवंबर को सुबह 11 बजे तक सभी अधिकारियों को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचना होगा।

संध्याकालीन अर्घ्य के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित होने पर ही वे स्थल छोड़ सकेंगे। वहीं, 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के लिए अधिकारियों को सुबह 2:30 बजे तक अपने निर्धारित स्थलों पर पहुंचना होगा। अर्घ्य की समाप्ति और श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी तक उन्हें मुस्तैद रहना होगा।

यह भी पढ़ें- छठ में क्यों होती है डूबते और उगते सूर्य की पूजा? आस्था से विज्ञान तक सूर्य का महत्व भी जानिए

यह भी पढ़ें- विक्रमशिला 7 घंटे तो आनंद विहार स्पेशल 23 घंटे लेट, छठ महापर्व पर रेलवे की खुली पोल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।