विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ में क्यों होती है डूबते और उगते सूर्य की पूजा? आस्था से विज्ञान तक सूर्य का महत्व भी जानिए

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:24 PM (IST)

छठ पूजा में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना प्रकृति के प्रति सम्मान दर्शाता है, जिसे अब आधुनिक विज्ञान ...और पढ़ें

छठ की आस्था में छिपा प्रकृति संरक्षण का संदेश

छठ की आस्था में छिपा प्रकृति संरक्षण का संदेश

HighLights

  1. छठ में सूर्य पूजा प्रकृति सम्मान और ऊर्जा का प्रतीक।

  2. सौर ऊर्जा स्वच्छ, अक्षय विकल्प, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाए।

  3. आदित्य एल-1 मिशन सूर्य के रहस्यों को समझने में सहायक।

जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय संस्कृति में सूर्य सदियों से आस्था, आरोग्य और जीवन के प्रतीक रहे हैं। बिहार के महापर्व छठ में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति इसी सम्मान को दर्शाती है। अब आधुनिक विज्ञान भी सूर्य की इसी शक्ति को ऊर्जा के बड़े स्रोत के रूप में इस्तेमाल कर रहा है।

सोलर पैनल के माध्यम से सूर्य की रोशनी को बिजली में बदलने की तकनीक ने सूर्योपासना को आधुनिक उपयोगिता से जोड़ दिया है। जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा संकट के दौर में सौर ऊर्जा स्वच्छ और अक्षय विकल्प के रूप में उभर रही है।

छठ की आस्था में छिपा प्रकृति संरक्षण का संदेश

पटना विश्वविद्यालय के भौतिक शास्त्र विभाग के प्रो. शंकर कुमार ने बताया कि छठ पर्व सूर्योपासना और प्रकृति प्रेम का अनुपम संगम है। सूर्य पृथ्वी पर प्रत्यक्ष देवता माने जाते हैं और समस्त जीव-जंतुओं, वनस्पतियों को ऊर्जा, प्रकाश और जीवन प्रदान करते हैं।

सूर्य की उपासना से आरोग्य, सकारात्मकता और मानसिक बल की अनुभूति होती है। इस तरह छठ केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी माध्यम है।

सूर्य की रोशनी से बन रही स्वच्छ बिजली

विज्ञान ने सूर्य की प्राकृतिक शक्ति को उपयोगी ऊर्जा में बदलने का रास्ता खोला है। सोलर पैनल में लगी फोटोवोल्टिक सेल सूर्य के प्रकाश को सीधे विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित करती हैं।

घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने से लेकर बड़े सोलर पार्क, सौर कृषि पंप और सोलर स्ट्रीट लाइट तक इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है। इससे कोयला और पेट्रोलियम जैसे जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।

बिहार में प्राचीन सूर्य मंदिरों की समृद्ध परंपरा

बिहार में सूर्य आराधना का इतिहास छठ पर्व से भी पुराना और व्यापक है। औरंगाबाद का देव सूर्य मंदिर, पटना जिले का उलार सूर्य मंदिर, पंडारक और नालंदा का औंगारी धाम इस परंपरा के प्रमुख केंद्र हैं।

यहां सदियों से सूर्य की उपासना होती आ रही है। सूर्य प्रतिमाओं में सात घोड़ों से युक्त रथ पर विराजमान सूर्य देव का स्वरूप प्रकाश, गति और कालचक्र का प्रतीक माना जाता है।

आदित्य एल-1 से सूर्य के रहस्यों को समझ रहा विज्ञान

सूर्य की संरचना और उससे निकलने वाली ऊर्जा को समझने के लिए भारत ने आदित्य एल-1 मिशन भेजा है। प्रो. शंकर कुमार के अनुसार, सूर्य के असीमित ऊर्जा भंडार को समझने और उसका उपयोग करने की दिशा में विज्ञान लगातार आगे बढ़ रहा है।

सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पर्यावरण के अनुकूल बिजली उत्पादन की संभावनाएं बढ़ी हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि बिजली उत्पादन के दौरान सोलर पैनल से प्रत्यक्ष कार्बन उत्सर्जन नहीं होता।

आस्था और विज्ञान का एक ही केंद्र सूर्य

सदियों पहले घाटों पर सूर्य को अर्घ्य देकर जिस जीवन शक्ति के प्रति कृतज्ञता जताई जाती थी, आज उसी सूर्य की रोशनी से ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की राह तैयार हो रही है।

बिहार की सूर्योपासना परंपरा और आधुनिक सौर तकनीक यह संदेश देती है कि प्रकृति का सम्मान और उसका वैज्ञानिक उपयोग, दोनों मानव जीवन के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।