वोटर लिस्ट में सुधार के लिए चुनाव आयोग का नया कदम, अब हर बूथ का बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप; मोबाइल पर मिलेगी हर अपडेट
निर्वाचन विभाग मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए बूथ स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बना रहा है। इसके माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी सूचनाएं मिलेंगी और बीएलओ को त्रुटियां सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
प्रत्येक मतदान केंद्र पर बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप।
मतदाताओं को सीधे मोबाइल पर मिलेगी निर्वाचन सूचना।
बीएलओ को त्रुटिरहित सूची बनाने के निर्देश।
संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय)। मतदाता सूची को पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। अब बूथ स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाकर मतदाताओं तक निर्वाचन संबंधी सूचनाएं पहुंचाई जाएंगी।
प्रत्येक मतदान केंद्र के क्षेत्र से कम से कम एक सदस्य को इस ग्रुप से जोड़ने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को छौड़ाही प्रखंड कार्यालय सभागार में बीएलओ की बैठक में बीडीओ प्रिया कुमारी ने निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत एवं अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा सूची की त्रुटियों में सुधार के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रपत्र छह, सात एवं आठ के लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने को कहा।
प्रपत्र छह से नए मतदाताओं का पंजीकरण, प्रपत्र सात से नाम विलोपन तथा प्रपत्र आठ से नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन व स्थानांतरण किया जाता है। सभी बीएलओ को ईआरओनेट पोर्टल से अर्हता चेकलिस्ट डाउनलोड कर आवेदनों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।
युवा और महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान
बीडीओ ने 18-19 आयु वर्ग के युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों से समन्वय बनाने को कहा।
वहीं, लिंगानुपात में सुधार के लिए महिला मतदाताओं की संख्या कम वाले क्षेत्रों में विशेष सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया। बीएलओ को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर मतदाताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करने की हिदायत दी गई।
बैठक में प्रेम कुमार, अभिषेक कुमार, हरिओम कुमार, रंजन कुमार एवं नीलकमल यादव सहित अन्य बीएलओ उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- गया के सूर्यकांत ने UPSC में लहराया परचम, बने कंपनी अभियोजक; अब केंद्र सरकार में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी