विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधी सड़क खा गए साहब! बेगूसराय में 3 योजनाओं की जांच में चौंकाने वाला खुलासा, JE पर गिरी गाज

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:23 PM (IST)

बछवाड़ा, बेगूसराय में सड़क निर्माण में बड़ी अनियमितता सामने आई है, जहां कागजों पर 6 इंच मोटी सड़क का प्रावधान था लेकिन धरातल पर सिर्फ 3 इंच की ढलाई मिली।  

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. कागजों में 6 इंच, जमीन पर 3 इंच मोटी सड़क मिली।

  2. बीडीओ ने कनीय अभियंता राजेश कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कराई।

  3. दादुपुर पंचायत की तीन सड़क योजनाओं में अनियमितता उजागर।

संवाद सूत्र, बछवाड़ा (बेगूसराय)। कागज पर छह इंच मोटी सड़क, लेकिन धरातल पर महज तीन इंच की ढलाई! सरकारी प्राक्कलन और निर्माण कार्य की हकीकत में आधे का अंतर मिलने पर अब कार्रवाई शुरू हो गई है।

बछवाड़ा प्रखंड की दादुपुर पंचायत में सड़क निर्माण की तीन योजनाओं में अनियमितता और सरकारी राशि के कथित गबन का मामला सामने आया है।

इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कनीय अभियंता सह तकनीकी सहायक राजेश कुमार के विरुद्ध बछवाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बीडीओ की ओर से थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, दादुपुर पंचायत में ग्राम पंचायत की ओर से संचालित तीन योजनाओं की जांच की गई। इनमें वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजना संख्या 10 के तहत प्रधानमंत्री सड़क से महेंद्र पासवान के घर तक सोख्ता सह पीसीसी ढलाई कार्य शामिल है।

वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजना संख्या 01 के तहत राम बालक चौधरी के घर से गंगाराम चौधरी के घर तक सोख्ता सह पीसीसी निर्माण तथा योजना संख्या 02 के तहत मनोज राय के घर से ज्वाला राय के घर तक पीसीसी ढलाई का काम कराया गया था।

प्राक्कलन छह इंच का, जमीन पर आधी मिली मोटाई

जांच के दौरान तीनों योजनाओं के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आई। प्राक्कलन और अभिलेख में सड़क की मोटाई छह इंच निर्धारित थी, लेकिन स्थल जांच में तीनों सड़कों की मोटाई महज तीन इंच पाई गई।

यानी कागज पर जितनी मोटी सड़क बनाने का प्रावधान था, धरातल पर उसका आधा ही निर्माण कराया गया। बीडीओ ने अपने आवेदन में इसे सरकारी राशि के गबन की मंशा से की गई अनियमितता की आशंका से जोड़ते हुए कनीय अभियंता की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

पहले भी जेई के खिलाफ हुई थी शिकायत

गौरतलब है कि कनीय अभियंता राजेश कुमार के खिलाफ इससे पहले भी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह रानी तीन पंचायत के मुखिया अमरजीत राय और प्रखंड प्रमुख सुधाकर मेहता ने बीडीओ को लिखित शिकायत दी थी।

शिकायत में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में कनीय अभियंता पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया था। अब दादुपुर पंचायत की तीन योजनाओं में निर्माण की मोटाई आधी मिलने के बाद मामला प्राथमिकी तक पहुंच गया है।

प्राथमिकी दर्ज, अनुसंधान शुरू

इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि बीडीओ के आवेदन के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की अनुसंधान शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- पटना में 5 दिन ट्रैफिक का नया नियम: विधानसभा सत्र को ले 7 प्रमुख रास्तों पर No Entry, घर से निकलने से पहले देख लें रूट



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।