विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग केस में ट्विस्ट, बेगूसराय पुलिस से फोटो देखकर महिला बोली- ये मेरा बेटा नहीं

Published: Mon, 19 Oct 2026 07:03 PM (IST)

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामले में बेगूसराय के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का नाम सामने आने से जिले में हलचल है। ...और पढ़ें

HighLights

  1. टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामले में बेगूसराय के ऋतिक का नाम।

  2. मां ने गिरफ्तार युवक को अपना बेटा मानने से किया इनकार।

  3. पुलिस ने बेगूसराय के डुमरी स्थित घर पर की पूछताछ।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी मामले (Tiger Shroff Firing Case) में गिरफ्तार युवकों के बीच बेगूसराय के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का नाम सामने आने की चर्चा से जिले में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, गिरफ्तार युवक की पहचान ऋतिक के रूप में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरी ओर, स्वजनों का कहना है कि उसकी मां ने मीडिया में सामने आई तस्वीर देखकर युवक को अपना बेटा मानने से इनकार कर दिया है। इस बीच पुलिस ने सिंघौल थाना क्षेत्र के डुमरी स्थित उसके घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है।

स्वजनों के अनुसार, ऋतिक पहले दिल्ली में एक कैटरर के यहां खाना बनाने का काम करता था। करीब तीन महीने पहले उसके मुंबई जाने की जानकारी मिली थी। पिछले लगभग दस दिनों से उससे परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसका मोबाइल फोन भी बंद बता रहा है।

ऋतिक के पिता का नाम रामू महतो

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, ऋतिक के पिता का नाम रामू महतो है। परिवार मूल रूप से मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा का रहने वाला है। करीब दो साल पहले परिवार ने सिंघौल थाना क्षेत्र के डुमरी वार्ड संख्या सात में आठ धुर जमीन पर घर बनाया था।

परिवार का पिपरा इलाके से भी जुड़ाव है। रामू महतो पिपरा में किराये की दुकान चलाता है। जहां लिट्टी-समोसे के साथ कास्मेटिक का सामान भी बेचा जाता है।

ऋतिक दो भाइयों में बड़ा बताया जाता है। परिजनों के अनुसार, वह दिल्ली में कैटरर के यहां खाना बनाने का काम करता था। करीब तीन महीने पहले उसके मुंबई जाने की जानकारी मिली थी।

हालांकि, मुंबई में वह कहां काम कर रहा था और किन लोगों के संपर्क में था, इसकी स्पष्ट जानकारी परिवार के पास नहीं है। मुंबई गोलीबारी मामले में ऋतिक का नाम चर्चा में आने के बाद पुलिस डुमरी स्थित उसके घर पहुंची।

रतनपुर थानाध्यक्ष गणेश शंकर ने परिजनों से उसके कामकाज, दिल्ली से मुंबई जाने और पिछले कई दिनों से संपर्क नहीं होने के संबंध में जानकारी ली।

एसपी मनीष के अनुसार, स्वजनों के पास ऋतिक का कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे पहचान की पुष्टि करने में परेशानी हो रही है। वहीं, मां ने सामने आई तस्वीर देखकर गिरफ्तार युवक को अपना बेटा मानने से इनकार किया है।

बेगूसराय पुलिस की ओर से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें- 'पहले से धमकी का कोई रिकॉर्ड नहीं, सभी आरोपी बालिग'; टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई पुलिस का खुलासा

यह भी पढ़ें- सूरत स्टेशन पर भागते दिखे टाइगर पर फायरिंग करने वाले शूटर, चलती ट्रेन के जनरल डिब्बे में लगाई छलांग; Video वायरल