विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूरत स्टेशन पर भागते दिखे टाइगर पर फायरिंग करने वाले शूटर, चलती ट्रेन के जनरल डिब्बे में लगाई छलांग; Video वायरल

Published: Mon, 19 Oct 2026 06:41 PM (IST)Updated: Mon, 19 Oct 2026 06:42 PM (IST)

टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों के सूरत रेलवे स्टेशन से ट्रेन में चढ़ते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने ...और पढ़ें

HighLights

  1. आरोपी सूरत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते हुए सीसीटीवी में दिखे।

  2. पुलिस ने तीनों हमलावरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया।

  3. हमलावरों की नेपाल भागने की योजना थी, हथियार अभी भी गायब।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए जानलेवा हमले के मामले में नए और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस बीच, सूरत रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिसमें हमले के तीनो आरोपी प्लेटफॉर्म पर दौड़ते और चलती ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी

सूरत स्टेशन से सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, संदिग्ध रात करीब 1:31 बजे सूरत रेलवे स्टेशन के एग्जिट गेट से अंदर दाखिल होते हुए दिखते हैं। पुलिस के अनुसार, ये तीनों आरोपी महाराष्ट्र नंबर की एक टैक्सी से सड़क के रास्ते सूरत पहुंचे थे और वहां से ट्रेन में सवार हुए थे।

रविवार रात मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल क्लब के बाहर यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सीसीटीवी और वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक हमलावर दोनों हाथों से बंदूक थामकर कार पर फायरिंग कर रहा है, जबकि दूसरा टोपी पहना हुआ व्यक्ति बगल से गोली चला रहा है। इसके बाद तीनों एक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे।

कोटा से हुए गिरफ्तार

हमले के बाद आरोपियों ने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी थी और बोरीवली की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार हो गए थे, जिसके बाद वे टैक्सी से सूरत पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि इस हमले में टाइगर श्रॉफ तो सुरक्षित बच गए, लेकिन उनका ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा ड्राइवर घायल हो गए। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों को 50,000 रुपये एडवांस के तौर पर मिले थे।

राजस्थान के कोटा में पुलिस और एजीटीएफ (AGTF) की संयुक्त कार्रवाई के दौरान इन शूटरों को पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से धर दबोचा गया। वे ट्रेन से दिल्ली और फिर वहां से नेपाल भागने की योजना बना रहे थे।

नेपाल भागने की थी योजना

आरोपी ट्रेन से दिल्ली और फिर वहां से नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस पूछताछ में खुलास हुआ है कि आरोपी आपस में बातचीत करने और लोकेशन शेयर करने के लिए सिग्नल और टेलीग्राम जैसे एप्स का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि, पुलिस को अभी तक उस हथियार की तलाश है जिसका इस्तेमाल फायरिंग में किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने हमला करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था।