बेगूसराय में पिता ने सिलिंडर बेचकर पढ़ाया, बेटियों ने बदली किस्मत; सरकारी नौकरी हासिल कर भाई को करा रहीं IIT
बेगूसराय की सरगम और श्वेता बहनों ने सीमित संसाधनों के बावजूद नर्सिंग के क्षेत्र में सफलता हासिल कर परिवार का ...और पढ़ें

श्वेता और सरगम। फोटो जागरण
HighLights
सरगम और श्वेता ने नर्सिंग क्षेत्र में सफलता पाई।
सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार को आर्थिक सहारा दिया।
भाई को आईआईटी की पढ़ाई में सहयोग कर रही हैं।
अरुण कुमार मिश्र, खोदावंदपुर (बेगूसराय)। बेटियां अगर ठान लें तो सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच भी अपनी मेहनत से सफलता की नई इबारत लिख सकती हैं। इसका उदाहरण मेघौल पंचायत के मलमल्ला गांव की दो सगी बहनों सरगम और श्वेता ने पेश किया है।
दोनों बहनों ने नर्सिंग के क्षेत्र में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई है। उनकी सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव का मान बढ़ा है। अब दोनों परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही भाई की पढ़ाई में सहयोग कर रही हैं।
मां-बाप ने सीमित कमाई में कराई अच्छी पढ़ाई
तीन बहनों और एक भाई वाले इस परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी। मां सुभद्रा देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं, जबकि पिता वाराणसी में रहकर गैस सिलिंडर वेंडर का काम करते थे। इसके बावजूद माता-पिता ने बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
तीनों बहनें बचपन से ही मेधावी थीं। उन्होंने गांव के परिवेश में रहते हुए स्थानीय स्तर पर मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई प्रथम श्रेणी से पूरी की।
बड़ी बहन ने शिक्षा के क्षेत्र में अपना करियर बनाया और फिलहाल प्लस टू विद्यालय में शिक्षिका हैं। वहीं, मंझली बहन सरगम ने हरियाणा में करीब पांच साल रहकर बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद एम्स की ओर से जारी भर्ती विज्ञप्ति के तहत चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल की। वर्तमान में वह वैशाली में स्वास्थ्य मोबलाइजर के पद पर कार्यरत हैं।
छोटी बहन श्वेता ने बिहार सरकार की जीएनएम परीक्षा में सफलता प्राप्त की। कटिहार जीएनएम स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद अब वह पोस्ट नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं। दोनों बहनें अब आर्थिक रूप से परिवार को भी सहयोग कर रही हैं। अपने भाई की आइआइटी की पढ़ाई में भी मदद कर रही हैं।
मां सुभद्रा देवी कहती हैं कि उन्हें अपनी बेटियों पर गर्व है। उन्होंने साबित किया है कि बेटियां किसी परिवार पर बोझ नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत होती हैं। दोनों बहनों की सफलता आज ग्रामीण क्षेत्र की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।