विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में सरपंच निकला शराब तस्कर: फोन-पे पर पेमेंट लेते ही जाल में फंसा, साथी भी गिरफ्तार

Published: Tue, 22 Sep 2026 03:29 PM (IST)

उत्पाद विभाग ने ग्राहक बनकर शराब तस्करी कर रहे सकरबासा पंचायत के सरपंच श्यामल कुमार पासवान और उसके सहयोगी मनीष कुमार पासवान को बेगूसराय में रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

बेगूसराय में सरपंच निकला शराब तस्कर: फोन-पे पर पेमेंट लेते ही जाल में फंसा, साथी भी गिरफ्तार (AI Generated Image)

बेगूसराय में सरपंच निकला शराब तस्कर: फोन-पे पर पेमेंट लेते ही जाल में फंसा, साथी भी गिरफ्तार (AI Generated Image)

HighLights

  1. उत्पाद विभाग ने ग्राहक बनकर शराब तस्कर सरपंच को रंगेहाथ दबोचा।

  2. बेगूसराय के सकरबासा पंचायत के सरपंच श्यामल कुमार पासवान गिरफ्तार।

  3. शराब तस्करी में सहयोगी मनीष कुमार पासवान भी मौके से पकड़ाया।

संवाद सूत्र, चेरिया बरियारपुर (बेगूसराय)। शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई में सोमवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राहक बनकर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम ने शराब लेकर आए सकरबासा पंचायत के सरपंच श्यामल कुमार पासवान को रंगेहाथ दबोच लिया।

टीम ने मौके से उसके सहयोगी मनीष कुमार पासवान को भी पकड़ लिया। कार्रवाई उत्पाद थाना मंझौल की दारोगा सिंपी कुमारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने शराब पहुंचाने में प्रयुक्त सरपंच की स्कूटी भी जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सकरबासा पंचायत में शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने शराब खरीदने वाले ग्राहक बनकर सरपंच से संपर्क किया।

सोमवार की शाम करीब सात बजे ग्राहक बनकर पहुंचे उत्पाद विभाग के कर्मी ने शराब की मांग की। इसके बाद श्यामल कुमार पासवान स्कूटी से शराब लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा। शराब की एक बोतल देने के बाद उसके मोबाइल पर फोन-पे के माध्यम से करीब 16 सौ रुपये भेजे गए।

राशि ट्रांसफर होते ही पहले से जाल बिछाए उत्पाद विभाग की टीम ने श्यामल कुमार पासवान को पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरातफरी मच गई।

टीम ने उसके साथ मौजूद मनीष कुमार पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों तस्करों को उत्पाद थाना मंझौल ले जाया गया। पुलिस ने शराब और स्कूटी को जब्त कर लिया है।

यह भी पढ़ें- मधेपुरा में थाने से सौ मीटर दूर धू-धू कर जली कार से निकली विदेशी शराब; लूटने दौड़े ग्रामीण, झारखंड नंबर की है गाड़ी

यह भी पढ़ें- शराब तस्करी का नया जुगाड़! एंबुलेंस में बेड के नीचे 230 लीटर बीयर, जमुई और लखीसराय के बीच के कनेक्शन का पर्दाफाश