भरे मंच पर डांसर को मारा थप्पड़, विरोध करने पर दर्शकों की ओर तानी पिस्टल; बेगूसराय में दारोगा का वीडियो वायरल
बेगूसराय में जागरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला डांसर को दरोगा द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना ...और पढ़ें
HighLights
दरोगा ने जागरण में डांसर को थप्पड़ मारा।
पुलिस पर दर्शकों की ओर पिस्टल तानने का आरोप।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पानगाछी चौक स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित जागरण कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद का मामला सामने आया है।
कार्यक्रम से संबंधित एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है।
महिला डांसर ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे दरोगा ने मंच पर आकर उन्हें थप्पड़ मार दिया।
वहीं, विरोध कर रहे लोगों की ओर सरकारी पिस्टल तानने का आरोप भी लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष ने जांच के आदेश दिए हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस कार्यालय की ओर से 21 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में पूरे मामले की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 प्रशांत कुमार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम बंद कराने के दौरान विवाद
जानकारी के अनुसार, 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात पानगाछी स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान के पूजा पंडाल में जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान डांस प्रस्तुति चल रही थी। इसी बीच देर रात करीब तीन बजे दरोगा कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे।
महिला कलाकार का कहना है कि पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर उन्होंने डांस रोक दिया था। इसके बाद जब वह जाने की तैयारी कर रही थी, तभी उन्हें थप्पड़ मार दिया गया। कलाकार ने अपने आयोजक के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया है।
महिला कलाकार ने कहा कि यदि कार्यक्रम बंद कराना था, तो पुलिस उन्हें और आयोजकों को उचित तरीके से निर्देश दे सकती थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि डांस बंद करने के बाद भी उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया। कलाकार ने दरोगा से अपने और आयोजक के साथ कथित दुर्व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना था कि कार्यक्रम बंद कराना जरूरी था, तो आयोजकों से बातचीत कर या लाउडस्पीकर बंद करवाकर कार्रवाई की जा सकती थी।
पुलिस विज्ञप्ति में अव्यवस्था का उल्लेख
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में प्रारंभिक जांच के आधार पर कहा गया है कि जागरण कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अशोभनीय डांस किए जाने और उससे उत्पन्न अव्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से वहां प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी मंच पर पहुंचे थे।
विज्ञप्ति में मंच पर पहुंचकर डांस कर रही लड़कियों को हटाने तथा आयोजकों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति का भी उल्लेख किया गया है।
यह भी पढ़ें- मधुबनी: किस्त के विवाद में 22 वर्षीय नवविवाहिता की हत्या, पति के दोस्त ने मायके पहुंचकर घोंपा चाकू
यह भी पढ़ें- मोतिहारी के साई मंदिर से 10 किलो चांदी का छत्र और दानपात्र चोरी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
