Begusarai News: बेगूसराय में गैंगवार में 25 राउंड फायरिंग, थर्रा उठा पूरा इलाका; नागा गैंग फिर हुआ एक्टिव
Begusarai News बेगूसराय में एक बार फिर से वर्चस्व की लड़ाई में गैगवार हुआ। 24-25 राउंड फायरिंग हुई। गौरव कुमार को सीने में गोली लगी जिसे पटना रेफर किया गया है। पुलिस छापेमारी कर रही है। कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस कानून व्यवस्था संभालने में जुट गई है।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। Begusarai News: बेगूसराय में एफसीआइ थाना अंतर्गत बीहट पीर स्थान के पास बीती शाम वर्चस्व की लड़ाई में हुए गैंगवार में करीब 24-25 राउंड फायरिंग की गई। यह गैंगवार सौरभ, गौरव और निलेश सिंह उर्फ नागा गैंग के बीच हुआ है।
वहीं गोलीबारी की सूचना पाते ही सौरभ कुमार की तरफ से गोलीबारी की गई। दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद सभी अपराधी भाग गए। घटना के बाद परिजनों ने घायल गौरव कुमार को इलाज हेतु बेगूसराय एलेकसिया एवं ग्लोकल हॉस्पिटल ले गए। जहां पर डॉक्टर ने हालत नाज़ुक देख पटना रेफर कर दिया।
पटना के निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाते ही एफसीआई थाना प्रभारी अंजली कुमारी ने घटनास्थल पर पहुंच कर घटनास्थल से चार बाइकों को जब्त किया। उसके बाद तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं।
चार दिन पहले जेल से छूटकर आया था सौरभ
साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरा को भी खंगाला जा रहा है। घटनास्थल से एक बुलेट, पल्सर, ग्लैमर, समेत चार बाइकें बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार सौरभ कुमार करीब चार दिन पहले जेल से छूटकर आया था तो गाजे-बाजे और दर्जनों वाहनों के साथ जुलूस निकाला था।
उसके बाद दो दिन पहले जेल से कुख्यात अपराधी निलेश सिंह उर्फ नागा छूटकर आया था। उसके द्वारा भी जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान ही सौरभ एवं गौरव के घर पर गया था। उसी दौरान बहस हो गई थी और उसके बाद गोली चलाई गई।
वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी
ग्रामीणों ने बताया की यह घटना गैंगवार को लेकर हुई है। दोनों गैंग पहले एक थे। लेकिन अब दोनों गैंग अलग-अलग होकर क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने को लेकर गोलीबारी की है। सूत्रों की मानें तो दोनों गैंग शराब कारोबार में संलिप्त हैं। उसी शराब कारोबार में वर्चस्व को लेकर गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
पुलिस इस घटना के संबंध में कुछ बताने से कतरा रही है। अगर पुलिस सख्ती से दोनों गिरोह पर कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में वर्चस्व की लड़ाई में एक दो की जान जा सकती है। निलेश सिंह उर्फ नागा, सत्यजीत कुमार उर्फ चुनचुन दोनों दुर्दांत अपराधी है।
निलेश सिंह उर्फ नागा के द्वारा ही बछवाड़ा से सिमरिया राजेन्द्र पुल तक सीरियल गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। एफसीआई थाना प्रभारी अंजली कुमारी ने बताया कि घटनास्थल पर से चार बाइकें जब्त कर ली गई हैं। तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सीसीटीवी कैमरा की मदद से अपराधियों को चिह्नित किया जा रहा है। वहीं गौरव कुमार के पिता मुकेश सिंह के द्वारा मामला दर्ज करने हेतु आवेदन दिया गया है। आवेदन में नाम को पुलिस गुप्त रखे हुए हैं। मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
बेगूसराय के मटिहानी में दो शराब तस्कर गिरफ्तार
वहीं एक अन्य घटना में छौड़ाही पुलिस ने गुरुवार को थाना क्षेत्र के मटिहानी बहियार से देसी शराब एवं शराब बनाने के उपकरण के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया। थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मटिहानी बहियार में देसी शराब बनाकर बेची जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी में 75 लीटर तैयार देसी शराब के अलावा गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन आदि सामान बरामद किया गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मौके से भागने का प्रयास कर रहे शराब तस्कर छौड़ाही थाना क्षेत्र के अमारी गांव निवासी सोनेलाल सदा के पुत्र रामबली सदा एवं लक्ष्मी महतो के पुत्र उमेश महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।