विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत, बाढ़ के पानी में डूबे; साइकिल धोने के दौरान गहरे पानी में फिसले

Published: Thu, 01 Oct 2026 03:52 PM (IST)

बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में गंगा नदी के बाढ़ के पानी में डूबने से चाचा और भतीजे की मौत ...और पढ़ें

चाचा-भतीजे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

चाचा-भतीजे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

HighLights

  1. बलिया में बाढ़ के पानी में चाचा-भतीजे की दुखद मौत।

  2. साइकिल धोने के दौरान गहरे पानी में फिसलने से हादसा।

  3. मृतक अमित और सोहन ने इसी वर्ष मैट्रिक पास की थी।

संवाद सहयोगी, बलिया (बेगूसराय)। बलिया थाना क्षेत्र के सनहा-गोदरगामा बांध स्थित चेचियाही ढाब के पास गुरुवार को गंगा नदी के बाढ़ के पानी में डूबने से चाचा और भतीजे की मौत हो गई। हादसा स्नान करने के दौरान हुआ। मृतकों की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर वार्ड संख्या सात निवासी फूलो पासवान के 18 वर्षीय पुत्र अमित कुमार और सोगारथ पासवान के 18 वर्षीय पुत्र सोहन कुमार के रूप में हुई है।

दोनों ने इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। बताया जाता है कि चाचा-भतीजा साइकिल से चेचियाही ढाब पर नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों अपनी साइकिल को भी पानी में ले जाकर धोने लगे।

साइकिल गहरे पानी में फिसली, बचाने के प्रयास में दोनों डूबे

साइकिल धोने के दौरान वह फिसलकर गहरे पानी में चली गई। साइकिल को खींचकर बाहर निकालने के प्रयास में दोनों किशोर भी गहरे पानी में फिसल गए और डूब गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने पानी में कूदकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों गहरे पानी में चले गए थे।

इसके बाद स्थानीय तैराकों ने पानी में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

चाचा-भतीजे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

अमित चार भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि सोहन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। एक साथ दो मौतों से स्वजन में कोहराम मच गया। हादसे की खबर मिलते ही पंचवीर गांव में मातम पसर गया।

परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। दोनों किशोरों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

बलिया और साहेबपुर कमाल पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना पर बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार और सीओ आकाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीमा क्षेत्र होने के कारण साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

प्रशिक्षु आइएएस सह बलिया एसडीएम अजय यादव ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- सारण के मकेर में बाढ़ का कहर, पांच लोग बहे; दो के शव मिले, तीन की तलाश जारी

यह भी पढ़ें- सारण के मकेर में बाढ़ का कहर: एनएच-722 पर पांच फीट पानी, पावर हाउस डूबा; नाव से पहुंचे डीएम-एसपी