विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

50000 की डिमांड, 29000 में डील..., बेगूसराय में रिश्वत लेते साहेबपुर कमाल थाने के ASI रंगे हाथ गिरफ्तार

Published: Mon, 02 Nov 2026 09:00 PM (IST)

साहेबपुर कमाल थाने के एएसआई चंदन कुमार झा को निगरानी टीम ने शराब तस्करी मामले से नाम हटाने के एवज में 29 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

घूस लेते पकड़े गए एएसआई। (वीडियो ग्रैब)

घूस लेते पकड़े गए एएसआई। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. एएसआई चंदन झा 29 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. शराब तस्करी मामले से नाम हटाने को मांगी थी रिश्वत।

  3. निगरानी टीम ने बेगूसराय में रंगे हाथ दबोचा।

संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। शराब तस्करी के मामले से नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में साहेबपुर कमाल थाने में पदस्थापित एएसआई चंदन कुमार झा सोमवार को निगरानी के जाल में फंस गए।

पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने प्रखंड मुख्यालय के समीप एक फोटो स्टेट दुकान के पास ट्रैप की कार्रवाई करते हुए उन्हें 29 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम उन्हें बेगूसराय ले आई, जहां सर्किट हाउस में उनसे पूछताछ की जा रही है।

मामले की शुरुआत साहेबपुर कमाल गांव के वार्ड संख्या आठ निवासी स्व. विशेश्वर यादव के पुत्र अमित कुमार की शिकायत से हुई।

अमित कुमार ने निगरानी थाना पहुंचकर शिकायत अंकित कराई थी कि शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में उनका नाम हटाने के एवज में एएसआई चंदन कुमार झा उनसे रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

अमित कुमार का कहना है कि जिस चार पहिया वाहन को शराब तस्करी के मामले में जब्त किया गया था, उसे वह जब्ती से पहले ही बेच चुके थे। वाहन बिक्री से संबंधित स्टांप पेपर भी उनके पास मौजूद है।

नाम हटाने के लिए मांगी जा रही रिश्वत

इसके बावजूद मामले से नाम हटाने के लिए उनसे रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी थाना की ओर से मामले का सत्यापन कराया गया।

सत्यापन के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 127/26 अंकित कर सोमवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। निगरानी डीएसपी गौतम शरण ओमी ने बताया कि एएसआई ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

बाद में 29 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। तय रकम लेते समय निगरानी टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

कार्रवाई में कांड के अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर विनोद कुमार तथा सहयोगी डीएसपी मोहन कुमार भी शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम एएसआई को बेगूसराय सर्किट हाउस लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- तानों से खाकी तक का सफर: बेगूसराय की स्वाति बनीं बिहार पुलिस का हिस्सा, अब दारोगा बनने का सपना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।