विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका में 6 दिनों से लापता महिला का बांध में तैरता मिला सड़ा-गला शव, पति समेत 8 पर दहेज हत्या की FIR

Published: Sat, 10 Oct 2026 12:19 PM (IST)

बांका के बेलहर में छह दिनों से लापता उषा देवी का सड़ा-गला शव तरौना बांध से बरामद हुआ है। मृतका ...और पढ़ें

पति समेत 8 पर दहेज हत्या की FIR

पति समेत 8 पर दहेज हत्या की FIR

HighLights

  1. छह दिनों से लापता महिला का सड़ा-गला शव बरामद।

  2. तेलियाकुमरी पंचायत के तरौना बांध से मिला शव।

  3. पति समेत आठ लोगों पर दहेज हत्या की FIR।

संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। थाना क्षेत्र के तेलियाकुमरी पंचायत के हरदिया गांव से छह दिनों से लापता प्रदीप यादव की पत्नी उषा देवी (35) का सड़ागला शव शुक्रवार को तरौना बांध से तैरता हुआ बरामद किया गया। जरलाही गांव की ओर जाने वाली पुलिया के समीप महिला का हाथ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। मृतका के मायके वालों ने शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया है।

आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

मृतका के पिता फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के ललबामोड़ गांव निवासी नरेश यादव ने पति प्रदीप यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

नामजद आरोपितों में प्रवेश यादव, भोला यादव, अकलू यादव, सुलेखा देवी, कौशल्या देवी, वीना देवी और भवेश यादव भी शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

20 साल पहले प्रदीप यादव से शादी

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि करीब 20 वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की शादी प्रदीप यादव से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। कई बार ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत कर मामले को सुलझाया गया। इसके बावजूद उषा देवी हमेशा अपनी हत्या की आशंका जताती थी।

नरेश यादव के अनुसार तीन अक्टूबर को उन्हें फोन पर बेटी द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने की सूचना मिली थी। जब वे हरदिया गांव के लिए निकले तो दामाद ने फोन कर बताया कि उषा को इलाज के लिए जमुई ले जाया जा रहा है। गांव पहुंचने पर कई स्वजन गायब मिले और दोनों नाती भी नहीं मिले।

कई दिनों से तलाश में जुटी थी पुलिस

एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर बेलहर एसडीपीओ डॉ. रविंद्रमोहन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम बांका-जमुई सीमा के नदी, जोर, जंगल और झाड़ियों में लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी व वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए स्वान दस्ता ने भी जांच की थी।

थानाध्यक्ष बिजयेंद्र कुमार ने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में हत्या के आरोपों की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- जदयू नेता की करंट से मौत, बांका में नंगे बिजली तार की चपेट में आए सज्जाद आलम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़