मेले से लौटकर खाने का था वादा, घर पहुंची बेटे की लाश; बांका में 22 वर्षीय युवक के मर्डर से सनसनी
देवघर मेला देखकर लौट रहे 22 वर्षीय रोशन यादव की सोमवार शाम रांगा मोड़ पर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
देवघर मेले से लौटते समय रोशन की हत्या।
रांगा मोड़ पर गोली मारकर की गई हत्या।
पुलिस जमीन विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही।
संवाद सहयोगी, चांदन (बांका)। देवघर मेला देखकर आते हैं, फिर खाना खाएंगे। घर से निकलते समय रोशन यादव ने परिवार से यही कहा था। घरवालों को क्या पता था कि उनका बेटा अब कभी लौटकर नहीं आएगा।
सोमवार की शाम देवघर के रांगा मोड़ पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। जिस घर में दुर्गापूजा की खुशियां थीं, वहां मंगलवार को बेटे की लाश पहुंचते ही चीत्कार गूंजने लगी।
गोड़ियारी गांव निवासी नागो यादव का 22 वर्षीय पुत्र रोशन देवघर में रहकर बीए की पढ़ाई कर रहा था। दो भाइयों में बड़ा रोशन पढ़ाई में तेज था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं।
पिता को भरोसा था कि बेटा पढ़-लिखकर परिवार का सहारा बनेगा और घर की जिम्मेदारियां संभालेगा। कॉलेज की छुट्टी में वह घर आया था। सोमवार सुबह मेला देखने देवघर गया, लेकिन वहां से उसकी मौत की खबर आई।
रात करीब नौ बजे परिवार को सूचना मिली कि रोशन को गोली लगी है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। स्वजन अनहोनी की आशंका के बीच देवघर पहुंचे तो पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई है
रोशन को दो गोली लगने की बात
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो पिता नागो यादव, चाचा व कोरिया पंचायत के सरपंच प्रभात यादव सहित स्वजन बिलख पड़े। महिलाओं की चीख-पुकार से पूरा गांव शोक में डूब गया। शाम को चांदन नदी में रोशन का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जिस बेटे से परिवार को भविष्य संवारने की उम्मीद थी, उसकी अर्थी उठने से हर आंख नम थी। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस जमीन विवाद सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- भरे मंच पर डांसर को मारा थप्पड़, विरोध करने पर दर्शकों की ओर तानी पिस्टल; बेगूसराय में दारोगा का वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- नालंदा में नाश्ता परोसने में देरी पर हिंसक बवाल, होटल संचालक पर चाकू से हमला; हिरासत में 2 आरोपी
