बांका के लाल का कमाल! सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पहले नीतीश राणा को किया आउट, फिर 15 गेंद में कूटे 25 रन
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार ने दिल्ली को दो विकेट से हराया, जिसमें बांका के ऑलराउंडर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया।

राघवेंद्र प्रताप सिंह (सौ, जागरण)
HighLights
बिहार ने दिल्ली को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हराया।
राघवेंद्र प्रताप सिंह मैन ऑफ द मैच बने।
उन्होंने तीन विकेट लिए और 25 रन बनाए।
संवाद सूत्र, बांका। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार ने दिल्ली को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। बुधवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में बांका के ऑलराउंडर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा।
गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन खेल दिखाने वाले राघवेंद्र को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। मुकाबले में पहले गेंदबाजी करते हुए राघवेंद्र ने अपने चार ओवर में 44 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया।
15 गेंदों पर बनाए 25 रन
उन्होंने दिल्ली के शतकवीर यश धुल, आईपीएल में खेल चुके अनुभवी बल्लेबाज नीतीश राणा और अर्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज टीएस दहिया को पवेलियन भेजा। उनकी गेंदबाजी ने दिल्ली की बल्लेबाजी को झटका दिया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम के लिए राघवेंद्र ने बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दिया। उन्होंने महज 15 गेंदों पर दो छक्के और एक चौके की मदद से 25 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट करीब 167 रहा। उनके इस उपयोगी योगदान की बदौलत बिहार ने एक गेंद शेष रहते दो विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जिले के लिए गौरव की बात
बांका के राघवेंद्र प्रताप सिंह का बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में इस तरह का प्रदर्शन जिले के लिए गौरव की बात है।
उनकी उपलब्धि पर बांका जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, सचिव देवशीष पांडे, उपाध्यक्ष कन्हैया प्रसाद चौहान, उनके पिता संतोष कुमार, जिला खेल समन्वयक प्रदीप कुमार आदि ने खुशी प्रकट की है।
यह भी पढ़ें- सैयद मुश्ताक अली टी-20 में बिहार का बड़ा उलटफेर, IPL के चर्चित चेहरों से सजी दिल्ली को हराया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।