सैयद मुश्ताक अली टी-20 में बिहार का बड़ा उलटफेर, IPL के चर्चित चेहरों से सजी दिल्ली को हराया
सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में बिहार ने बड़ा उलटफेर करते हुए मजबूत दिल्ली को दो विकेट से हराया। बिना ...और पढ़ें
-1794990122168_m.webp)
प्लेयर ऑफ द मैच रहे राघवेंद्र प्रताप सिंह। सौ-इंटरनेट मीडिया
HighLights
बिहार ने सैयद मुश्ताक अली टी20 में दिल्ली को हराया।
225 रनों का लक्ष्य 19.5 ओवर में सफलतापूर्वक पीछा किया।
बिना आईपीएल सितारों के बिहार ने बड़ा उलटफेर किया।
जागरण संवाददाता, पटना। मैदान पर जज्बा बड़ा हो, तो चर्चित नाम भी बौने साबित हो जाते हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर में सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के एलीट वर्ग मुकाबले में बुधवार को बिहार ने इसे सच साबित कर दिखाया है।
बिहार ने टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर करते हुए खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही मजबूत दिल्ली को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से शिकस्त दे दी।
225 रनों का लक्ष्य 20वें ओवर में किया हासिल
दिल्ली के 225 रनों के बड़े लक्ष्य को बिहार ने 19.5 ओवर में हासिल कर जीत दर्ज की। कागजों पर दिल्ली की टीम बेहद मजबूत नजर आ रही थी।
टीम में आईपीएल का अनुभव रखने वाले नीतीश राणा, प्रियांश आर्या, सुयश शर्मा, दिग्वेश राठी, यश ढुल और हिम्मत सिंह जैसे नाम शामिल थे।
वैभव सूर्यवंशी की गैर मौजूदगी में उतरी बिहार की टीम के 11 खिलाड़ियों में एक भी आइपीएल खेलने वाला चेहरा नहीं था।
दिल्ली की ओर से यश ढुल ने लगाया शतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने यश ढुल के शतक (125) और तेजस्वी दहिया के अर्धशतक (51) की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 224 रनों का स्कोर खड़ा किया और बिहार के सामने 225 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम ने शुरुआत से ही निडर खेल दिखाया। आइपीएल स्टार्स से सजी दिल्ली की गेंदबाजी बिहार के बल्लेबाजों के सामने टिक न सकी।
बिहार की ओर से आयुष लोहारुका ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 50 रनों की अहम अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं विपिन सौरव ने भी 49 रनों की आक्रामक पारी खेलकर जीत की मजबूत नींव रखी।
अंतिम ओवरों के चरम रोमांच के बीच बिहार के बल्लेबाजों ने अपना संयम नहीं खोया और एक गेंद शेष रहते हुए इस नामुमकिन से लगने वाले लक्ष्य को आसानी से पार कर लिया। तीन विकेट के साथ 25 रन बनाने वाले राघवेंद्र प्रताप सिंह प्लेयर ऑफ द मैच रहे।