विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका के मंदार पर्वत पर गुलाबी ठंड में बढ़ा पर्यटकों का क्रेज, रोप-वे से रोज 500 लोग कर रहे सैर, राजस्व में उछाल

Published: Sat, 24 Oct 2026 08:29 AM (IST)

गुलाबी ठंड की आहट के साथ मंदार पर्वत पर पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है। रोप-वे पर प्रतिदिन 500 से ...और पढ़ें

बांका के ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर रोप-वे से प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते पर्यटक।

बांका के ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर रोप-वे से प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते पर्यटक।

HighLights

  1. सुहावने मौसम और गुलाबी ठंड से मंदार में पर्यटक बढ़े।

  2. रोप-वे पर प्रतिदिन 500 से अधिक सैलानी कर रहे सैर।

  3. स्थानीय व्यापार और पर्यटन राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि।

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। राज्य के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर हल्की गुलाबी ठंड की आहट के साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की चहल-पहल काफी बढ़ गई है।

मौसम सुहावना होते ही मंदार की वादियों और रोप-वे (Ropeway) का आनंद लेने के लिए दूर-दराज से आने वाले सैलानियों की भीड़ में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है।

पहले जहाँ प्रतिदिन औसतन 200 से 300 पर्यटक ही रोप-वे की सवारी करते थे, वहीं अब यह दैनिक आँकड़ा बढ़कर 300 से 500 के पार पहुँच गया है।

पर्यटकों की इस लगातार बढ़ती आवाजाही से मंदार पर्वत क्षेत्र एक बार फिर पूरी तरह गुलजार हो उठा है, जिससे बिहार पर्यटन विभाग के राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

रिकॉर्ड तोड़ बढ़ रहे आंकड़े, 22 अक्टूबर को 503 ने की सवारी

पर्यटन विभाग द्वारा संचालित रोप-वे के प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि बीते कुछ दिनों से यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है।

आंकड़ों के अनुसार 19 अक्टूबर को 332, 20 अक्टूबर को 430 और 22 अक्टूबर को 503 पर्यटकों ने रोप-वे से मंदार पर्वत की मनोरम वादियों का भ्रमण किया।

वहीं शुक्रवार को भी करीब 400 से अधिक सैलानियों ने रोप-वे की सवारी का लुत्फ उठाया। इस दौरान विशेष रूप से जैन समुदाय के श्रद्धालुओं और दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों की उपस्थिति काफी अधिक रही।

सीढ़ियों से भी चोटी पर पहुँच रहे लोग, स्थानीय व्यापार को मिला बढ़ावा

स्थानीय व्यवसायी विशाल गुप्ता ने बताया कि रोप-वे के अलावा बड़ी संख्या में युवा और साहसिक पर्यटक पारंपरिक सीढ़ियों के रास्ते भी मंदार पर्वत की चोटी तक चढ़ाई कर रहे हैं।

स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा, तो अगले महीने (नवंबर) से पर्यटकों की संख्या में और भी अधिक बढ़ोतरी होगी। इससे मंदार पर्वत के आसपास स्थित हस्तशिल्प, होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय दुकानों के कारोबार को सीधा लाभ मिलेगा।

"मौसम में आए बदलाव और गुलाबी ठंड के कारण मंदार पर्वत में सैलानियों का आगमन तेजी से बढ़ा है। रोप-वे का आनंद लेने वालों की संख्या 500 प्रतिदिन के आंकड़े को पार कर गई है। पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।"

— संजीव कुमार, रोप-वे संचालक, पर्यटन विभाग, मंदार (बांका)

यह भी पढ़ें- बिहार में पशुपालन सिलाई-कढ़ाई, फूड प्रोसेसिंग से बढ़ेगी कमाई, बांका में 61 जीविका समूहों को 1.08 करोड़ का ऋण

यह भी पढ़ें- 'शादी के लिए हां करो तभी उतरूंगा', बांका में 33 हजार केवी के टावर पर चढ़ा दुमका का युवक, पुलिस के छूटे पसीने