विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी से विवाद के बाद बांका में 33KV बिजली पोल पर चढ़ा युवक, 6 घंटे से नीचे उतारने की कोशिश में जुटी पुलिस

Published: Fri, 23 Oct 2026 04:29 PM (IST)

बांका में पत्नी से विवाद के बाद झारखंड का एक युवक 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गया।

बिजली पोल पर चढ़ा युवक। (जागरण)

बिजली पोल पर चढ़ा युवक। (जागरण)

HighLights

  1. पत्नी से विवाद के बाद युवक हाईटेंशन पोल पर चढ़ा।

  2. बांका में 33 हजार वोल्ट की लाइन पर चढ़ा युवक।

  3. पुलिस छह घंटे से युवक को सुरक्षित उतारने का प्रयास कर रही।

संवाद सूत्र, बांका। पत्नी से विवाद के बाद झारखंड के दुमका जिले का रहने वाला मनोज राय शुक्रवार सुबह बांका सदर प्रखंड क्षेत्र में मुह हारा रेलवे हॉल के समीप 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया।

युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए टाउन थाना की 112 पुलिस टीम करीब छह घंटे से प्रयास में जुटी रही। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मनोज राय बिजली के पोल पर चढ़ गया।

उसे पोल पर चढ़ा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।

पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने के साथ पोल पर चढ़कर भी उसे नीचे लाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को अपनी ओर आते देख वह और ऊपर चढ़ने लगा। इससे उसे सुरक्षित नीचे उतारने में परेशानी हो रही है।

पुलिस ने युवक के स्वजनों को भी घटना की जानकारी दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद उसने यह कदम उठाया।

हालांकि, विवाद के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।

पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- 5 साल पहले हुई थी शादी, अब फंदे से लटककर दी जान; जांच में जुटी बांका पुलिस